भाजपा ने नाहन में किया पौधरोपण, राजीव बिंदल ने सरकार पर साधा निशाना
नाहन, 27 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश भाजपा द्वारा चलाए जा रहे एक माह के विशेष पौधरोपण अभियान के तहत शनिवार को नाहन में अम्बेडकर पार्क में पौधे लगाए गए। इस अभियान की अगुआई स्वयं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने की। इस दौरान पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं ने भी उत्साहपूर्वक पौधरोपण किया।
भाजपा का यह राज्यव्यापी अभियान 15 जुलाई से 15 अगस्त तक चलाया जा रहा है, जिसमें प्रदेशभर के 8006 वार्डों में 10 से 11 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। पार्टी का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना और हरियाली को बढ़ावा देना है।
पौधरोपण कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में डॉ. बिंदल ने प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश इन दिनों भारी आपदा से जूझ रहा है, लेकिन सरकार का आमजन के प्रति व्यवहार संवेदनहीन और निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक मंत्री हॉर्टिकल्चर कॉलेज को शिफ्ट करने की कोशिश कर रहा है और दादागिरी के साथ जनता पर एफआईआर करवा रहा है।
डॉ. बिंदल ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश की सड़कें खस्ताहाल हैं और इसी बीच सड़क मंत्री विदेश यात्रा पर निकल गए हैं। इतना ही नहीं, उनके साथ कुछ विधायक भी विदेश भ्रमण पर गए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब राज्य प्राकृतिक आपदा से त्रस्त है, तब विधायकों का विदेश यात्रा पर जाना अनुचित और जनता के साथ अन्याय है।
उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट सिटी योजना के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भेजा गया पैसा विकास कार्यों की बजाय विदेश यात्राओं पर खर्च हो रहा है। बिंदल ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिन जनप्रतिनिधियों को इस कठिन समय में जनता के बीच रहकर राहत और सहयोग देना चाहिए, वे विदेश घूम रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर