भगवान परशुराम के जन्मोत्सव पर मेले का होगा आयोजन
नाहन, 06 अप्रैल (हि.स.)। सिरमौर जिला का श्री रेणुकाजी क्षेत्र धार्मिक आस्था का केंद्र रहा है और इस स्थान को माता रेणुकाजी और भगवान परशुराम की जन्मस्थली के रूप में जाना जाता है। माता व् पुत्र के मिलन को लेकर यहां पर अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेले का आयोजन भी किया जाता है। अब भगवान परशुराम जयंती को लेकर जिला प्रशासन ने कई कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है।
इस बार 18 अप्रैल 2026 शनिवार को प्रातः 10 बजे रेणु मंच के समीप दो दिवसीय बॉलीवाल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया जायेगा। खेलकूद प्रतियोगिताओं में मुख्य अतिथि द्वारा विजेता टीम को नकद 15000 रु. ईनाम व ट्राफी और उपविजेता टीम को 10000 रु. व ट्राफी दी जाएगी। तीसरे नंबर पर आने वाली टीम को भी 5000/ रू. प्रोत्साहन राशि दी जायेगी।
इस दिन भगवान परशुराम की शोभा यात्रा भी निकाली जाएगी और शाम को पवित्र रेणुका झील पर महा आरती का आयोजन किया जायेगा। इसके साथ ही परशुराम देवठी प्रांगण में धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन किये जायेंगे।
19 अप्रैल को सुबह 6 बजे भगवान परशुराम की पालकी द्वारा रेणुका झील की परिक्रमा की जाएगी और मंदिर परिसर में हवन एवं यज्ञ किया जायेगा। जिसमे स्थानीय विधायक एवं अध्यक्ष रेणुकाजी विकास बोर्ड भाग लेंगे। इसके इलावा श्री हरि परशुराम कथा, रामायण के सुंदर कांड एवं श्री मद भागवत गीता का पाठ भी किया जायेगा। 20 अप्रैल को देव विदाई की जाएगी। यह जानकारी एसडीएम नाहन राजीव संख्यान ने एक बैठक के दौरान दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर