बिजली बोर्ड पेंशनरों ने उठाई 2016 वेतनमान लागू करने की मांग
नाहन, 09 मई (हि.स.)। सिरमौर जिला बिजली बोर्ड पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक शनिवार को नाहन में आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में पेंशनरों ने भाग लेते हुए अपनी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की और लंबित वित्तीय लाभ जल्द जारी करने की मांग उठाई। बैठक में विशेष रूप से बिजली बोर्ड से वर्ष 2016 के वेतनमान को लागू करने की मांग की गई। पेंशनरों ने कहा कि लंबे समय से लंबित वित्तीय मामलों के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
एसोसिएशन के महासचिव कमलेश पुंडीर ने बताया कि बिजली बोर्ड द्वारा हाल ही में पेंशनरों को कुछ वित्तीय भुगतान जारी किए गए हैं और संबंधित राशि उनके खातों में पहुंच चुकी है। इसके लिए उन्होंने बोर्ड प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अभी भी कई वित्तीय लाभ लंबित पड़े हुए हैं, जिन पर शीघ्र कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि पेंशनरों को राहत मिल सके।
कमलेश पुंडीर ने कहा कि बढ़ती उम्र में बीमारियों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण पेंशनरों को आर्थिक सहायता की अधिक आवश्यकता होती है। ऐसे में यदि लंबित एरियर और अन्य भुगतान समय पर जारी किए जाएं तो इससे पेंशनरों को काफी राहत मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर