बावा हरदीप सिंह दोबारा बने हिमाचल इंटक के अध्यक्ष, एक महीने में बनेगी नई कार्यकारिणी
शिमला, 14 नवंबर (हि.स.)। नालागढ़ के विधायक बावा हरदीप सिंह को दोबारा हिमाचल प्रदेश इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) का अध्यक्ष चुना गया है। शिमला के राजीव भवन में शनिवार को आयोजित इंटक की आम सभा और राज्य स्तरीय सम्मेलन में प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से उनके नाम पर मुहर लगाई। अध्यक्ष चुने जाने के बाद बावा हरदीप सिंह ने कहा कि प्रदेश में इंटक को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जाएगा और असंगठित क्षेत्र, औद्योगिक इकाइयों, ठेका मजदूरों तथा आउटसोर्स कर्मचारियों को संगठन से जोड़ा जाएगा। उन्होंने सरकारी विभागों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन, कानूनी सेवा लाभ और रोजगार सुरक्षा दिलाने के लिए संघर्ष करने की बात कही।
सम्मेलन में राष्ट्रीय इंटक सचिव संजय गाबा, राष्ट्रीय संगठन सचिव, राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश महासचिव जगत राम शर्मा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन के अंतिम सत्र में प्रतिनिधियों ने हाथ उठाकर बावा हरदीप सिंह को दोबारा प्रदेश अध्यक्ष चुना। आम सभा ने उन्हें एक महीने के भीतर प्रदेश की नई कार्यकारिणी गठित करने के लिए अधिकृत किया।
आउटसोर्स कर्मचारियों और गिग वर्कर्स के मुद्दे उठेंगे
बावा हरदीप सिंह ने कहा कि इंटक का पहला उद्देश्य अधिक से अधिक मजदूरों को संगठन के साथ जोड़ना है। मजदूरों की वास्तविक समस्याओं और मांगों को संबंधित अधिकारियों तथा सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन, श्रम कानूनों के तहत मिलने वाले वैधानिक सेवा लाभ और रोजगार की सुरक्षा दिलाने के लिए संगठन काम करेगा।
उन्होंने बताया कि इन मांगों को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के समक्ष पहले भी उठाया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि प्रदेश में श्रम कानूनों को उनकी वास्तविक भावना के अनुरूप लागू किया जाएगा। सम्मेलन में बताया गया कि राष्ट्रीय सचिव संजय गाबा और बावा हरदीप सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को मुख्यमंत्री से मुलाकात कर मजदूरों और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दे उठाए। मुख्यमंत्री ने इंटक की मांगों पर विचार करने और श्रम कानूनों को प्रभावी ढंग से लागू करने का आश्वासन दिया। इसमें ऐप आधारित और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से काम करने वाले गिग वर्कर्स को न्यूनतम वेतन और कानूनी लाभ देने का मुद्दा भी शामिल रहा।
नई श्रम संहिताओं का इंटक ने किया विरोध
राष्ट्रीय इंटक सचिव संजय गाबा ने कहा कि संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी नई श्रम संहिताओं का विरोध करती है। उन्होंने कहा कि पहले लागू 44 श्रम कानूनों को समाप्त कर उनके स्थान पर नई श्रम संहिताएं लाई गई हैं। इससे मजदूरों के अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े कई प्रावधान प्रभावित हुए हैं। इंटक की मांग है कि इन संहिताओं में मजदूरों के हितों को ध्यान में रखते हुए जरूरी संशोधन किए जाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा