प्राथमिक शिक्षकों का दो अक्तूबर को उपवास और कैंडल मार्च का ऐलान
शिमला, 23 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ का स्कूल शिक्षा निदेशालय शिमला के बाहर चल रहा क्रमिक अनशन बुधवार को 60वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान जिला सिरमौर के राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के राजगढ़ ब्लॉक के पदाधिकारियों ने अनशन में शामिल होकर शिक्षकों की मांगों के समर्थन में उपस्थिति दर्ज कराई। संघ के उपप्रधान वेद प्रकाश शर्मा, जिला पीटीएफ सिरमौर के उपप्रधान सुरेंद्र सिंह मेहता, ब्लॉक राजगढ़ के सलाहकार राम दयाल शर्मा, कोषाध्यक्ष हरि चंद और सह सचिव अजय शर्मा अनशन में शामिल हुए।
संघ ने कहा कि शिक्षकों का आंदोलन महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों तथा गांधीवादी विचारों के अनुरूप शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से चलाया जा रहा है। संघ ने सरकार से शिक्षकों की मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की है। संघ के मुताबिक मांगें पूरी नहीं होने पर गांधी जयंती के अवसर पर दो अक्तूबर को शिमला में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने एक दिवसीय उपवास रखा जाएगा। इसके बाद शाम को कैंडल मार्च निकाला जाएगा।
संघ ने कहा कि कैंडल मार्च के बाद प्रदेशभर के शिक्षक काले बिल्ले लगाकर शिक्षण कार्य करेंगे। इसके बाद विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले प्रदेश के सभी 68 विधायकों को शिक्षकों की मांगों से संबंधित मांगपत्र सौंपा जाएगा। संघ ने शीतकालीन सत्र के दौरान धर्मशाला में विशाल धरना-प्रदर्शन करने का भी ऐलान किया है। संघ का कहना है कि ये कार्यक्रम मांगें पूरी होने तक आंदोलन को आगे बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा हैं।
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के अनुसार आंदोलन की शुरुआत 11 जुलाई को पैदल न्याय यात्रा के जरिए शिमला पहुंचने से हुई थी। इसके बाद 26 जुलाई को शिमला के चौड़ा मैदान में विशाल धरना दिया गया और फिर स्कूल शिक्षा निदेशालय में क्रमिक अनशन शुरू किया गया। संघ ने कहा कि शिक्षकों की मांगें पूरी होने तक आंदोलन एकजुटता के साथ शांतिपूर्ण और गांधीवादी तरीके से जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा