प्रदेश में सड़कों पर व्यय हो रहे छह हज़ार करोड़ : विक्रमादित्य सिंह
शिमला, 19 अप्रैल (हि.स.)। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार से वह लोक निर्माण और शहरी विकास विभाग में 8500 करोड़ रुपये लाए है। इनमें करीब 6 हजार करोड़ रुपए सड़कों पर खर्च किए जा रहे है। प्रदेश के विकास में कोई भी कसर हम नहीं छोड़ रहे है।
उन्होंने रविवार को शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत गिरब खुर्द के गांव क्यार में आयोजित एक समारोह में ये बात कही। इस अवसर पर उन्होंने टूटू-क्यार सड़क का शिलान्यास किया।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पिछले लंबे समय से ग्रामीण इस सड़क को लेकर मांग कर रहे थे। वन विभाग की ओर से एफआरए क्लियरेंस मिल चुकी है और इसके बाद लोक निर्माण विभाग से भी प्रशासनिक मंजूरी मिल चुकी है। अब भविष्य में जल्दी ही सड़क को पक्का करने का कार्य शुरू होगा। उन्होंने कहा कि 90 लाख रुपए की अनुमानित लागत से टूटू क्यार सड़क का मेटलिंग कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में पानी की समस्या के समाधान के लिए प्रभावी तरीके से प्रयास किया जाएगा। इस समय मौजूदा उठाऊ पेयजल योजना के अधूरे कार्य को पीडीएनए के माध्यम से पूरा किया जाएगा। आज शिमला शहर में 24 घंटे पेयजल आपूर्ति योजना पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह की वजह से मिल रही है। उनके प्रयासों से पूरे शहर के लोगों को पानी की समस्या से निजात मिली है।
उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल में गिरब खुर्द पंचायत में विभिन्न विकसतामक कार्य करवाएं गए है और इसी कड़ी में दीधो घाटी से कड़ी सड़क को 8.50 करोड़ रुपए की लागत से कार्य करवाया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला