प्रदेश कांग्रेस ने ब्लॉक इकाइयों की जवाबदेही बढ़ाई, हर महीने बैठक और रिपोर्ट अनिवार्य

 


शिमला, 29 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर सभी ब्लॉक इकाइयों के लिए नए निर्देश जारी किए हैं। पार्टी ने ब्लॉक प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित प्रवास करने, संगठनात्मक बैठकों में भाग लेने और हर माह ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही बैठकों की रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय को भेजना भी अनिवार्य किया गया है।

प्रदेश संगठन महामंत्री विनोद ज़िंटा ने सोमवार को जारी एक सर्कुलर में कहा कि प्रत्येक ब्लॉक में हर महीने के पहले सप्ताह अथवा पहले दस दिनों के भीतर बैठक आयोजित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि बैठक में पार्टी के सभी प्रमुख नेताओं, संबंधित क्षेत्र के विधायक, पूर्व विधायक, अग्रणी संगठनों और विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। बैठक के बाद उसकी विस्तृत रिपोर्ट और पदाधिकारियों की उपस्थिति सूची प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन को भेजी जाए।

ज़िंटा ने कहा कि संगठन में अनुशासन बनाए रखना और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दिशा-निर्देशों का पालन करना सभी पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने पार्टी नेताओं से उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल पहले ही स्पष्ट कर चुकी हैं कि प्रदेश, जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों के कार्यों की हर तीन महीने में समीक्षा की जाएगी।

उन्होंने बताया कि ब्लॉक स्तर पर होने वाली गतिविधियों की निगरानी को और प्रभावी बनाने के लिए प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में एक निगरानी कक्ष स्थापित किया जा रहा है। यह कक्ष समय-समय पर ब्लॉक पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त करेगा। उन्होंने कहा कि ब्लॉक बैठकों की रिपोर्ट का आकलन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष स्वयं करेंगे और इसके बाद यह जानकारी पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को भी भेजी जाएगी।

पांवटा साहिब के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त

इसी बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने नाहन के विधायक अजय सोलंकी को नगर परिषद पांवटा साहिब के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के गठन की प्रक्रिया के लिए पार्टी पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। प्रदेश संगठन महामंत्री विनोद ज़िंटा द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार अजय सोलंकी चुनाव प्रक्रिया के समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगे और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशों के अनुरूप नगर परिषद के नेतृत्व का गठन सुनिश्चित करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा