पेंशनर्स ने शिमला में किया प्रदर्शन, बकाया भुगतान न होने पर मंत्रियों-विधायकों के घेराव की चेतावनी
शिमला, 01 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के बीच मंगलवार को शिमला का चौड़ा मैदान हजारों पेंशनर्स के प्रदर्शन का केंद्र बना। हिमाचल प्रदेश संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले 18 संगठनों से जुड़े पेंशनर्स ने एक दिवसीय आक्रोश रैली कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से शिमला पहुंचे पेंशनर्स ने कहा कि लंबे समय से उनकी वित्तीय देनदारियों का भुगतान नहीं हुआ है और बार-बार आश्वासन मिलने के बाद भी उनकी मांगें पूरी नहीं की जा रही हैं।
रैली की अगुवाई संयुक्त संघर्ष समिति के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश ठाकुर ने की। उन्होंने सरकार पर पेंशनर्स को बार-बार आश्वासन देकर अपमानित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 13 मई को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ हुई बातचीत में 31 जुलाई से पहले 40 प्रतिशत लीव इनकैशमेंट और ग्रेच्युटी के भुगतान की अधिसूचना जारी करने का आश्वासन दिया गया था। उनका कहना था कि यह आश्वासन पूरा नहीं हुआ और इसी वजह से पेंशनर्स को विधानसभा के घेराव के लिए मजबूर होना पड़ा।
संघर्ष समिति के अतिरिक्त महामंत्री भूप राम वर्मा ने कहा कि 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को अभी तक संशोधित लीव इनकैशमेंट और ग्रेच्युटी का भुगतान नहीं मिला है। उन्होंने 166 माह के वेतन बकाया और पेंशन की बकाया राशि का भुगतान नहीं होने का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के कार्यकाल के चार वर्ष पूरे होने वाले हैं, लेकिन पेंशनर्स की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है।
समिति के महामंत्री इंदर पाल शर्मा ने कहा कि शिमला में इतनी बड़ी संख्या में पेंशनर्स का जुटना सरकार के लिए स्पष्ट संदेश है। उनके अनुसार यह तीसरा अवसर है जब प्रदेशभर से बड़ी संख्या में पेंशनर्स राजधानी में एकत्र हुए हैं। उन्होंने रैली में शामिल सभी संगठनों और पेंशनर्स का आभार जताया।
रैली में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से जुड़े पेंशनर्स की समस्याएं भी उठाईं और संयुक्त संघर्ष समिति को आंदोलन में सहयोग देने का भरोसा दिया। इस दौरान हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष चमन भाटिया, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के ओपी चौहान, सर्वहितकारी संघ के विनोद सूद, सचिवालय पेंशनर्स सेवाएं की नीलम चौहान, बिलासपुर के अध्यक्ष चेतराम वर्मा और मंडी संयुक्त संघर्ष समिति के अध्यक्ष हिमंत राम सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
समिति के प्रेस सचिव लायक राम शर्मा ने कहा कि पेंशनर्स की मेहनत की कमाई का भुगतान होने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अब केवल आश्वासन से पेंशनर्स पीछे हटने वाले नहीं हैं।
एचआरटीसी पेंशनर्स ने समय पर पेंशन और डीए मांगा
हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम कल्याण संघ के अध्यक्ष बृज लाल ठाकुर ने एचआरटीसी पेंशनर्स की समस्याएं भी रैली में उठाईं। उन्होंने कहा कि परिवहन निगम के पेंशनर्स को अभी तक तीन प्रतिशत महंगाई भत्ते का भुगतान नहीं किया गया है। उनका आरोप है कि पेंशन भी हर महीने समय पर नहीं मिल रही है। उन्होंने सरकार से मांग की कि निगम के पेंशनर्स को हर महीने की पहली तारीख को पेंशन का भुगतान किया जाए। उन्होंने लंबित चिकित्सा बिलों का भुगतान जल्द करने की मांग भी उठाई।
भुगतान नहीं हुआ तो घेराव की चेतावनी
संयुक्त संघर्ष समिति के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश ठाकुर ने चेतावनी दी कि यदि पेंशनर्स की लंबित वित्तीय देनदारियों का भुगतान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में मुख्यमंत्री, मंत्रियों और विधायकों का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा और आंदोलन को आगे और तेज किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा