पालमपुर में करंट लगने से लाइनमैन की मौत मामले में जेई निलंबित

 

धर्मशाला, 12 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के अध्यक्ष ने पालमपुर विद्युत मंडल के अंतर्गत बिंद्रावन में करंट लगने से लाइनमैन मोहन लाल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच निष्कर्षों के मद्देनजर संबंधित कनिष्ठ अभियंता को जांच पूरी होने तक निलंबित कर दिया गया है। अध्यक्ष ने कहा कि हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड विद्युतलाइनों पर कार्यरत कर्मियों की सुरक्षा के संबंध में शून्य सहनशीलता की नीति का पालन करेगा और सभी क्षेत्रीय इकाइयों को निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि भविष्य में ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं दोबारा न घटें। उन्होंने दिवंगत कर्मचारी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और इस अपूरणीय क्षति की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

अध्यक्ष ने कहा कि विद्युत क्षेत्र के प्रति स्वर्गीय मोहन द्वारा दी गई सेवाओं को सदैव सम्मान और कृतज्ञता के साथ याद किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि कोई भी आर्थिक सहायता किसी अनमोल मानवीय जीवन की क्षति की भरपाई नहीं कर सकती तथापि हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड इस कठिन समय में परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है।

उन्होंने बताया कि परिवार को 50 हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता पहले ही वितरित की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त कर्मचारी मुआवजा अधिनियम 1923 के तहत 15.28 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। साथ ही समूह बीमा योजना के तहत 5 लाख रुपये की एक और राशि के भुगतान की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया