पांवटा साहिब में जिला परिषद व पंचायत समिति चुनाव नामांकन प्रक्रिया शुरू

 

नाहन, 07 मई (हि.स.)। पांवटा साहिब के एसडीएम कार्यालय और तिलौरधार तहसील कार्यालय में आज से जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। सुबह से ही उम्मीदवारों और उनके समर्थकों की आवाजाही कार्यालयों में देखने को मिली। प्रशासन की ओर से नामांकन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

तहसीलदार मस्तराम शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पांवटा साहिब में नामांकन प्रक्रिया को लेकर पूरी तैयारी की गई है। उम्मीदवारों को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए विशेष टीमों की तैनाती की गई है। उन्होंने कहा कि सभी नामांकन पत्रों और दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जाएगी तथा अनुभवी कर्मचारियों को इस कार्य में लगाया गया है।

उन्होंने मतदाताओं और उम्मीदवारों से अपील करते हुए कहा कि चुनाव आयोग की गाइडलाइन और नियमों का पालन करें तथा निर्धारित दस्तावेजों के साथ ही कार्यालय पहुंचे ताकि नामांकन प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर