पांवटा साहिब में जाट समाज का सम्मेलन, 23 गांवों को जोड़ने के लिए 51 सदस्यीय कमेटी का गठन
नाहन, 11 अक्टूबर (हि.स.)। पांवटा साहिब के पातलियों में जाट समाज का सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें समाज को एकजुट करने, आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने और संगठन का विस्तार करने पर जोर दिया गया। सम्मेलन में समाज के लोगों ने मिलकर आगे बढ़ने का संकल्प लिया। इस दौरान 23 गांवों से समाज के लोगों को जोड़कर 51 सदस्यीय कमेटी बनाने की पहल की गई, ताकि संगठन को गांव स्तर से मजबूत किया जा सके और सामूहिक रूप से सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके।
सम्मेलन में चर्चा की गई कि पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र के 23 गांवों में रहने वाले जाट समाज के लोगों को एक मंच पर लाया जाएगा। प्रत्येक गांव में समाज के लोगों को जोड़कर स्थानीय स्तर पर संगठन तैयार किया जाएगा। गांवों में प्रधान और कमेटियां बनाने की योजना भी रखी गई, जिससे समाज की गतिविधियों का संचालन व्यवस्थित तरीके से हो सके।जाट समाज की इस पहल का मुख्य उद्देश्य 23 गांवों के लोगों के बीच आपसी संपर्क बढ़ाना और सभी को संगठन से जोड़ना है। प्रस्तावित 51 सदस्यीय कमेटी के माध्यम से समाज के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करने, जरूरतमंद परिवारों की सहायता करने और सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने पर जोर रहेगा।
सम्मेलन में यह भी विचार रखा गया कि संगठन केवल नाम या पद तक सीमित न रहे, बल्कि समाज के हित में व्यावहारिक कार्य करे। युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और सामाजिक जिम्मेदारियों को सामूहिक रूप से निभाने पर भी ध्यान दिया जाएगा। 23 गांवों में संगठनात्मक ढांचा तैयार करने और कमेटियों के गठन की प्रक्रिया के बाद जाट समाज का एक बड़ा सम्मेलन आयोजित करने की योजना है। इसमें भविष्य की कार्ययोजना, संगठन के विस्तार और सामाजिक गतिविधियों को लेकर चर्चा की जाएगी। पातलियों में आयोजित सम्मेलन के माध्यम से जाट समाज ने एकजुटता और भाईचारे का संदेश दिया। अब 23 गांवों के लोगों को साथ लेकर संगठन को मजबूत बनाने और सामाजिक सुधार की दिशा में आगे बढ़ने पर जोर रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर