पांवटा साहिब में घर की टॉयलेट में घुसा किंग कोबरा, किया रेस्क्यू
नाहन, 04 अक्टूबर (हि.स.)। पांवटा साहिब में एक घर की टॉयलेट में अचानक किंग कोबरा घुसने से परिवार में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही प्रसिद्ध स्नेक मैन भूपेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और जान जोखिम में डालकर किंग कोबरा का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया।
भूपेंद्र सिंह ने बताया कि किंग कोबरा बेहद खतरनाक और विषैला सांप है। इसके रेस्क्यू के दौरान जरा सी चूक भी भारी पड़ सकती है। उन्होंने बेहद सावधानी के साथ किंग कोबरा को काबू में लिया और उसे सुरक्षित बाहर निकाला। उन्होंने कहा कि सांपों को देखते ही उन्हें मारने के बजाय विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम को सूचना देनी चाहिए। किंग कोबरा जैसे जीव प्रकृति और पर्यावरण के संतुलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
भूपेंद्र सिंह ने बताया कि रेस्क्यू किए गए किंग कोबरा को सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया है। उन्होंने लोगों से वन्यजीवों के संरक्षण में सहयोग करने और सांप दिखाई देने पर खुद पकड़ने या मारने का प्रयास नहीं करने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर