पांवटा साहिब में 3.61 ग्राम चिट्टा बरामद, एक गिरफ्तार
नाहन, 26 सितंबर (हि.स.)। नाहन एसआईयू की टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांवटा साहिब क्षेत्र में 3.61 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 25 सितंबर को एसआईयू की टीम रैनबैक्सी चौक, पांवटा साहिब के पास गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि अनीश मोहम्मद उर्फ नीशू, निवासी सैनवाला मुबारिकपुर, माजरा, पांवटा साहिब व आसपास के क्षेत्रों में चिट्टा बेचने का कथित धंधा करता है और मोटरसाइकिल नंबर HP17E-3122 पर कुंजा की ओर से माजरा की तरफ जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संदिग्ध को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 3.61 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर