पांवटा साहिब के बाता पुल पर टिप्पर और ट्रक में भिड़ंत, हाईवे पर लगा भारी जाम
नाहन, 06 अक्टूबर (हि.स.)। मंगलवार सुबह देहरादून-पांवटा साहिब-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बाता पुल के समीप एक दर्दनाक हादसा पेश आया। तेज रफ्तार टिप्पर और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रक संतुलन खोकर बीच सड़क पर ही पलट गया। हादसा होते ही बाता पुल के दोनों छोरों पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप्प हो गया। शिमला और देहरादून की ओर आवाजाही करने वाले यात्रियों तथा स्थानीय लोगों को घंटों जाम में जूझना पड़ा। व्यस्त मार्ग होने के कारण देखते ही देखते पुल के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया। क्रेन की मदद से सड़क पर पलटे वाहन को हटाने और यातायात व्यवस्था को दोबारा सुचारू करने का कार्य शुरू किया गया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार हादसा वाहनों की अनियंत्रित गति के कारण हुआ माना जा रहा है। राहत की बात यह रही कि फिलहाल किसी जान-माल के बड़े नुकसान की खबर नहीं है। हादसे के सही कारणों और घायलों की स्थिति को लेकर पुलिस द्वारा पूरी गहनता से जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर