पति ने वाईक सहित पत्नी को खाई में गिराया, पत्नी गंभीर रूप से घायल
नाहन, 20 जून (हि.स.)। सिरमौर के नाहन थाना क्षेत्र के तहत रैन पीरगढी के पास एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही एक 23 वर्षीय विवाहिता ने अपने पति पर जानबूझकर मोटरसाइकिल सहित उसे 90 फीट गहरी खाई में गिराने का संगीन आरोप लगाया है। नाहन अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया है। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दर्ज करवाए बयान में ग्राम कून की रहने वाली पीड़िता कमला देवी ने बताया कि बीती 19 जून की रात करीब 9:00 बजे वह अपने पति रमेश चंद (निवासी रामधौन) के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने मायके सैर बडौन जा रही थी। पीड़िता के मुताबिक, जब वे रैन पीरगढी के पास पहुंचे, तो उसके पति ने अचानक बाइक रोक दी और उसके साथ लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। पति के इस जानलेवा हमले के कारण वह मौके पर ही बेहोश हो गई।
पीड़िता कमला देवी ने अपने बयान में बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि जब उसे होश आया, तो उसने खुद को, अपने पति और मोटरसाइकिल को ढांक (खाई) से नीचे गिरा हुआ पाया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उनके बीच हुए विवाद के बाद उसके पति रमेश चंद ने सोची-समझी साजिश के तहत उसे जानबूझकर मोटरसाइकिल सहित कंक्रीट सड़क से नीचे करीब 80 से 90 फीट गहरी खाई में गिरा दिया। इस हादसे में उसके सिर, बाजू और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं।
इस पूरे मामले पर पीड़िता के भाई राहुल ने अस्पताल से अपनी बहन का वीडियो साझा करते हुए कई गंभीर और चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं। भाई राहुल का कहना है कि उनकी बहन और जीजा के बीच काफी दिनों से आपसी विवाद चल रहा था, और उनकी बहन पहले से ही काफी बीमार है। राहुल ने बताया कि बहन की बीमारी और विवाद को देखते हुए जब मायके वालों ने रमेश से उसे मायके छोड़ने को कहा, तो आरोपी पति ने एक सोची-समझी साजिश रची। वह दिन के बजाय जानबूझकर रात होने का इंतजार करता रहा और अंधेरा होने के बाद ही उसे बाइक पर लेकर घर से निकला। राहुल का आरोप है कि रास्ते में सुनसान जगह देखकर आरोपी ने पहले उसकी बीमार बहन को बेरहमी से पीटा और जब वह बेहोश हो गई, तो उसे मोटरसाइकिल समेत 90 फीट गहरी खाई में धकेल दिया। राहुल ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि उसकी बहन की नाजुक हालत को देखते हुए दोषी जीजा के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
सदर थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता कमला देवी के बयान धारा 173 बीएनएस के तहत कलमबद्ध किए। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पति रमेश चंद के खिलाफ लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चलाने व जान जोखिम में डालने के आरोप में धारा 281 और 125(ए) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है और आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर