नाहन में संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन ने लगाया विशाल रक्तदान शिविर
नाहन, 24 मई (हि.स.)। मानवता और सेवा भाव की अनूठी मिसाल पेश करते हुए जिला सिरमौर के मुख्यालय नाहन में संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन की ओर से रविवार को एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य मानवता का कल्याण और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध करवाना रहा। पुण्य के इस कार्य में स्थानीय क्षेत्र के युवाओं और आम जनता ने बेहद उत्साह दिखाया और बड़ी संख्या में एकत्रित होकर बढ़-चढ़कर रक्तदान किया।
इस विशेष अवसर पर संत निरंकारी मिशन के जोनल इंचार्ज विवेक कालिया मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने शिविर का निरीक्षण किया और रक्तदान करने पहुंचे सभी रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें समाज का असली हीरो बताया। कार्यक्रम में फाउंडेशन की ओर से सभी रक्तदाताओं को उनकी इस निस्वार्थ सेवा के लिए विशेष प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
जोनल इंचार्ज विवेक कालिया ने बताया कि संत निरंकारी मिशन केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व में निस्वार्थ भाव से मानवता की सेवा कर रहा है। उन्होंने जानकारी साझा की कि मिशन द्वारा वर्ष 1986 से लगातार देश-दुनिया में रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी के तहत भारत में अब तक करीब 7,500 रक्तदान शिविर लगाए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से 15 लाख यूनिट से अधिक का रिकॉर्ड रक्तदान किया जा चुका है।
उन्होंने समाज के हर वर्ग, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि वे इस प्रकार के पुण्य और सामाजिक कार्यों में हमेशा आगे आकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि आपका दिया हुआ रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है, इसलिए रक्तदान से कभी पीछे नहीं हटना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर