नाहन में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई श्री कृष्ण जन्माष्टमी

 


नाहन, 4 सितंबर (हि.स.)। भगवान श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व शुक्रवार को देशभर के साथ सिरमौर जिला में भी श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय नाहन के विभिन्न मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। सुबह से ही मंदिरों में पूजा-अर्चना का दौर जारी रहा और खराब मौसम के बावजूद श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंदिरों में पहुंचकर भगवान श्री कृष्ण के दर्शन कर रहे हैं।

नाहन स्थित प्राचीन एमईएस श्री राधा कृष्ण मंदिर में भी जन्माष्टमी को लेकर विशेष आयोजन किए जा रहे हैं। वर्ष 1822 में स्थापित यह मंदिर लंबे समय से लोगों की आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर में सुबह से ही विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है। श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर भगवान श्री राधा-कृष्ण के दर्शन कर रहे हैं और सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।

मंदिर के पुजारी पंडित नरेंद्र शर्मा ने बताया कि यह प्राचीन मंदिर वर्ष 1822 में स्थापित किया गया था और क्षेत्र के लोगों की गहरी आस्था इससे जुड़ी हुई है। उन्होंने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर सुबह से पूजा-अर्चना का क्रम जारी है। देर रात 12 बजे भगवान श्री कृष्ण के जन्म के समय तक मंदिर में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी।

उन्होंने बताया कि खराब मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं में जन्माष्टमी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। लोग बड़ी श्रद्धा के साथ मंदिर पहुंचकर भगवान श्री कृष्ण का आशीर्वाद ले रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर