नाहन में लीला सैनी की प्राथमिक सदस्यता निलंबित, भाजपा ने अनुशासनहीनता पर लिया संज्ञान

 

नाहन, 09 मई (हि.स.)।आगामी नगर परिषद और पंचायतीराज चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश पूरी तरह से अनुशासन के मूड में नजर आ रही है। पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने और पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं पर भाजपा ने गाज गिराना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन नगर परिषद से संबंधित एक कार्यकर्ता के खिलाफ कड़ा संज्ञान लेते हुए उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया है।

भाजपा प्रदेश कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार नगर परिषद नाहन के वार्ड नंबर 3 से लीला सैनी की प्राथमिक सदस्यता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। अनुशासन समिति ने जिला एवं मंडल स्तर से प्राप्त शिकायतों पर विस्तृत विचार-विमर्श करने के बाद यह पाया कि लीला सैनी पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के विरुद्ध चुनावी मैदान में उतरकर अनुशासनहीनता कर रही थीं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जहाँ संगठनात्मक मर्यादा और अनुशासन सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि पार्टी संविधान के अनुसार, किसी भी स्तर पर अधिकृत प्रत्याशी के विरुद्ध कार्य करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अनुशासन समिति की अनुशंसा पर ही यह कड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई है।

इस कार्रवाई के माध्यम से भाजपा ने उन सभी कार्यकर्ताओं को कड़ा संदेश दिया है जो टिकट न मिलने की स्थिति में बागी होकर चुनाव लड़ रहे हैं या पर्दे के पीछे से विरोध कर रहे हैं। भाजपा ने साफ कर दिया है कि चुनाव के समय संगठन की एकजुटता सबसे महत्वपूर्ण है और अनुशासन तोड़ने वालों के लिए पार्टी में कोई जगह नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर