नाहन में पर्याप्त पानी होने के बावजूद प्यासी है जनत, पार्षद की अगुवाई में अधिकारियों से मिले लोग

 

नाहन, 06 जुलाई (हि.स.)।सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन के कई इलाकों में इन दिनों पेयजल संकट गहराता जा रहा है, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शहर के कई हिस्सों में लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। इसी समस्या को लेकर वार्ड नंबर 2 के निवासियों ने स्थानीय पार्षद नरेंद्र तोमर की अगुवाई में जल शक्ति विभाग के अधिकारियों से मुलाकात की और जल्द से जल्द इस समस्या के समाधान की मांग उठाई।

पार्षद नरेंद्र तोमर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि नाहन शहर के लिए पर्याप्त मात्रा में पेयजल की सप्लाई तो हो रही है, लेकिन इसके बावजूद कई इलाकों में लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने सीधे तौर पर विभाग की पेयजल वितरण प्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

वार्डवासियों का कहना है कि प्रभावित इलाकों में बेहद कम समय के लिए पानी की सप्लाई छोड़ी जाती है, जिसके कारण घरों में जरूरत के मुताबिक पानी स्टोर ही नहीं हो पाता।

स्थानीय लोगों के अनुसार पानी की यह किल्लत कोई नई नहीं है, बल्कि पिछले लंबे समय से लोग इस किल्लत से जूझ रहे हैं। बार-बार ध्यान आकर्षित करने के बाद भी व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, जिसके चलते अंततः लोगों को पार्षद की अगुवाई में सीधे विभागीय अधिकारियों के पास पहुंचना पड़ा। पार्षद नरेंद्र तोमर ने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों से इस पूरी वितरण व्यवस्था में तुरंत सुधार करने और हर घर तक पर्याप्त पानी पहुंचाने की पुरजोर मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर