नाहन में एबीवीपी का हस्ताक्षर अभियान, फीस वृद्धि वापस लेने और छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग
नाहन, 07 अगस्त (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की संस्कृत महाविद्यालय नाहन इकाई ने शुक्रवार को महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की विभिन्न मांगों को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों से हस्ताक्षर करवाकर फीस वृद्धि वापस लेने और छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग का समर्थन जुटाया गया। परिषद का कहना है कि इन मांगों को विश्वविद्यालय प्रशासन और प्रदेश सरकार तक पहुंचाया जाएगा।
परिषद ने कहा कि लगातार बढ़ रही फीस का सीधा असर विद्यार्थियों और उनके परिवारों पर पड़ रहा है। संगठन का कहना है कि शिक्षा हर विद्यार्थी का महत्वपूर्ण अधिकार है और फीस में लगातार वृद्धि होने से आर्थिक रूप से कमजोर तथा सामान्य परिवारों के विद्यार्थियों को पढ़ाई जारी रखने में कठिनाई हो सकती है। एबीवीपी ने विश्वविद्यालय प्रशासन और प्रदेश सरकार से फीस बढ़ाने के फैसले पर दोबारा विचार करने और इसे वापस लेने की मांग की है।
अभियान के दौरान परिषद ने छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग भी उठाई। संगठन का कहना है कि छात्र संघ चुनाव विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ते हैं और महाविद्यालय तथा विश्वविद्यालय स्तर पर उनकी समस्याओं को सामने रखने का प्रभावी माध्यम हैं। परिषद के अनुसार छात्र प्रतिनिधियों का चुना जाना छात्र हित से जुड़े मुद्दों को संस्थानों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
हस्ताक्षर अभियान में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया और अपनी सहमति दर्ज कराई। एबीवीपी ने कहा कि अभियान के माध्यम से एकत्र किए गए हस्ताक्षर संबंधित प्रशासन और सरकार को सौंपे जाएंगे। संगठन का कहना है कि यदि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आने वाले समय में छात्र हित के मुद्दों को लेकर आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर