नाहन पीजी कॉलेज की 54वीं वार्षिक एथलेटिक्स मीट में 250 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

 


नाहन, 27 फ़रवरी (हि.स.)। डॉ यशवन्त सिंह परमार राजकीय पीजी महाविद्यालय नाहन की 54वीं वार्षिक एथलेटिक्स मीट का भव्य आयोजन चौगान मैदान में किया गया। प्रतियोगिता में लगभग 250 छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेल प्रतिस्पर्धाओं में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक निश्चिन्त सिंह नेगी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम हैं, बल्कि यह युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का सशक्त साधन भी हैं। उन्होंने “नशा मुक्त हिमाचल” के संदेश को दोहराते हुए विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं और स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाएं।

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. विभव कुमार शुक्ला ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय और जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर