नाहन जा रहे छात्रों की बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त, दो छात्राएं गंभीर रूप से घायल
नाहन, 08 मार्च (हि.स.)। जिला सिरमौर के नाहन में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे छात्रों के साथ एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग-707 पर पुलिस चौकी राजबन के अंतर्गत गांव सतौन से करीब चार किलोमीटर दूर चिलोन के पास एक बोलेरो कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वाहन में शिलाई और रोनहाट क्षेत्र के कॉलेजों से जुड़े करीब नौ छात्र-छात्राएं सवार थे, जो नाहन की ओर जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि चिलोन के समीप चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बोलेरो सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची तथा तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। 108 एम्बुलेंस की मदद से घायलों को सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया।
अस्पताल से प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे में घायल पांच युवाओं का उपचार शुरू किया गया है। घायलों की पहचान मुख्य रूप से शिलाई और रोनहाट क्षेत्र के निवासियों के रूप में हुई है। इनमें 22 वर्षीय कार्तिका (पुत्री पंच राम, निवासी गांव रास्त, रोनहाट), 20 वर्षीय भारती (पुत्री अमर सिंह, निवासी गांव कीनू पनोग, शिलाई), 17 वर्षीय सलोनी (पुत्री केदार सिंह, निवासी गांव मानल, रोनहाट), 20 वर्षीय पल्लवी (पुत्री प्रताप सिंह, निवासी गांव कुलह, जरवा) और सतीश (पुत्र मदन सिंह, निवासी रोनहाट) शामिल हैं।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार प्राथमिक जांच के बाद दो छात्राओं मीनाक्षी और पल्लवी की हालत गंभीर पाई गई, जिसके चलते उन्हें तुरंत उच्च चिकित्सा संस्थान (हायर सेंटर) के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं अन्य तीन घायल—कार्तिका, भारती और सलोनी—का उपचार सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में जारी है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल इन तीनों की स्थिति सामान्य और खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर