नाहन के तीन केंद्रों पर कड़ी निगरानी के बीच 574 अभ्यर्थियों ने दी नीट परीक्षा

 


नाहन, 21 जून (हि.स.)। जिला मुख्यालय नाहन में रविवार को कड़ी सुरक्षा और निगरानी के बीच नीट की री-परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिले के तीन परीक्षा केंद्रों पर कुल 638 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 574 ने परीक्षा दी, जबकि 64 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस बार अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया गया।

नीट की परीक्षा नाहन के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, शमशेर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला और पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय में आयोजित की गई। परीक्षा को निष्पक्ष और नकलमुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक और कड़े इंतजाम किए थे।

सुबह 11 बजे से ही परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन और गहन तलाशी के बाद अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। प्रत्येक छात्र को मेटल डिटेक्टर से होकर गुजरना पड़ा और केंद्र के भीतर बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य की गई थी।

अभ्यर्थियों को हल्की आस्तीन वाले कपड़े और साधारण चप्पल पहनने के निर्देश दिए गए थे। आभूषण, बेल्ट, वॉलेट और बड़े बटुए के साथ प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित था। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, पानी की बोतलें और पेन भी केंद्रों के बाहर ही रखवाए गए।

परीक्षा कक्षों में सामाजिक दूरी का कड़ाई से पालन किया गया। तीनों केंद्रों पर जैमर लगाए गए थे और सभी कमरों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लाइव निगरानी की गई। परीक्षा दोपहर 2 बजे शुरू हुई और शाम 5:15 बजे शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई

नीट परीक्षा के सिटी कोऑर्डिनेटर जे.पी. बलोदी ने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक प्रशासनिक अधिकारी की मौजूदगी में परीक्षा आयोजित करवाई गई। अभ्यर्थियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई थीं। यहां तक कि किसी भी प्रकार की तकनीकी या विद्युत बाधा से बचने के लिए प्रत्येक केंद्र पर जनरेटर की व्यवस्था भी की गई थी। उन्होंने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर