धर्मशाला में पेंशनरों का विशाल प्रदर्शन, लंबित वित्तीय लाभों को लेकर सरकार पर साधा निशाना

 

धर्मशाला, 16 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले सोमवार को जिला मुख्यालय धर्मशाला में पेंशनरों ने अपनी लंबित वित्तीय मांगों को लेकर विशाल रैली निकाली। मौसम खराब होने के बावजूद पेंशनरों ने उपायुक्त कार्यालय के समीप प्रदर्शन करते हुए धरना दिया। रैली का नेतृत्व समिति के राज्य चेयरमैन सुरेश ठाकुर ने किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांगड़ा के संयोजक रविन्द्र सिंह राणा ने की। इस दौरान बड़ी संख्या में एकत्र हुए पेंशनरों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लंबित देनदारियों का शीघ्र भुगतान करने की मांग उठाई। प्रदर्शन में करीब करीब 3 हजार पेंशनरों ने भाग लिया।

पेंशनरों ने आरोप लगाया कि सरकार उनके वर्षों से लंबित वित्तीय लाभों के प्रति उदासीन रवैया अपना रही है। उन्होंने कहा कि एक जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त कर्मचारियों को संशोधित ग्रेच्युटी, कम्यूटेशन और लीव इनकैशमेंट का भुगतान अभी तक नहीं किया गया है। इसके अलावा छठे वेतन आयोग के एरियर की शेष राशि भी अब तक जारी नहीं की गई है।

पेंशनर्स के मेडिकल बिल वर्षों से लंबित

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पेंशनरों के चिकित्सा बिलों का भुगतान भी कई वर्षों से लंबित है, जबकि अनेक पेंशनर गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं और इलाज पर लाखों रुपये खर्च कर चुके हैं। उन्होंने 13 प्रतिशत महंगाई भत्ता और राहत राशि सहित कई महीनों के एरियर का भुगतान शीघ्र करने की मांग भी उठाई। पेंशनरों ने हिमकेयर जैसी कैशलैस चिकित्सा सुविधा से वंचित रखने पर भी नाराजगी जताई।

एचआरटीसी पेंशनर्स को पहली को मिले पेंशन

हिमाचल पथ परिवहन निगम के पेंशनरों को हर माह की पहली तारीख को नियमित रूप से पेंशन देने की मांग की। इसके अलावा पुलिस पेंशनरों के बच्चों को सेना की तर्ज पर सुविधाएं और शिक्षण संस्थानों व सरकारी सेवाओं में आरक्षण देने की मांग भी उठाई गई। समिति के राज्य चेयरमैन सुरेश ठाकुर ने कहा कि पेंशनरों ने 30 से 40 वर्षों तक पूरी निष्ठा के साथ सेवाएं दी हैं, लेकिन सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें अपने ही अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार आर्थिक संकट का हवाला देकर पेंशनरों के भुगतान टाल रही है, जबकि दूसरी ओर अनावश्यक खर्चों में कटौती नहीं की जा रही है।

मांगें न मानी तो आंदोलन होगा तेज

जिला संयोजक रविन्द्र सिंह राणा ने भी सरकार के रवैये की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि यदि पेंशनरों की मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न पेंशनर संगठनों के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने भी सभा को संबोधित किया और सरकार से पेंशनरों की लंबित देनदारियों का शीघ्र समाधान करने की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया