धर्मशाला कॉलेज के शताब्दी समारोह में देश-विदेश से जुटे सैकड़ों पूर्व छात्र

 


धर्मशाला, 15 नवंबर (हि.स.)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में रविवार को परिसर में भावनाओं, यादों और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। महाविद्यालय के भूतपूर्व विद्यार्थी संघ 'संगम' एलुमनाई एसोसिएशन द्वारा आयोजित चौथे पुनर्मिलन समारोह में देश-विदेश से आए 350 से अधिक पूर्व छात्र-छात्राओं ने एकत्रित होकर इस ऐतिहासिक अवसर को हर्षोल्लास के साथ मनाया।

इस ऐतिहासिक मिलन के अवसर पर 'संगम' के पूर्व छात्रों द्वारा महाविद्यालय को भेंट किए गए 'शताब्दी स्मारक' का अनावरण महाविद्यालय के पूर्व कर्मचारी हरि सिंह ने किया। संस्थान के साथ उनके लंबे जुड़ाव के सम्मानस्वरूप उन्हें इस गौरवपूर्ण अवसर के लिए चुना गया। इसी क्रम में महाविद्यालय के गौरवशाली इतिहास और पूर्व छात्रों की स्मृतियों को संजोती हुई 'शताब्दी विशेष स्मारिका' का भी विमोचन किया गया।

पूर्व छात्रों ने महाविद्यालय की पुरानी कक्षाओं एवं परिसर का भ्रमण कर अपनी पुरानी यादें ताजा कीं और सामूहिक छायाचित्र लिए। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा कुनाल पथरी स्थित धौलाधार हाइट्स रिसॉर्ट में पारंपरिक धाम का आयोजन भी किया गया।

12 मेधावी विद्यार्थियों को एनआईटी हमीरपुर के शोध का तोहफा

शताब्दी वर्ष के अवसर पर मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की अपनी प्रतिबद्धता के तहत 'संगम', एनआईटी हमीरपुर के सहयोग से महाविद्यालय द्वारा चयनित 12 विद्यार्थियों तथा दो प्राध्यापकों के लिए 17 से 18 नवम्बर को एक विशेष अनुसंधान अनुभव भ्रमण प्रायोजित कर रहा है। इस भ्रमण के दौरान विद्यार्थी एनआईटी हमीरपुर की सात अनुसंधान प्रयोगशालाओं का दौरा करेंगे। इस दल को 17 नवम्बर को महाविद्यालय के शताब्दी स्मारक से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।

फेसबुक पहल से बना 650 सदस्यों का सशक्त मंच

'संगम' की परिकल्पना वर्ष 2022 में महाविद्यालय के पूर्व छात्रों डॉ. वासु सिंह और शिवानी नेगी गुरंग द्वारा एक फेसबुक पहल के रूप में की गई थी। यह संगठन विभिन्न बैचों, शहरों और देशों में फैले 650 से अधिक सदस्यों का एक सशक्त मंच बन चुका है, जिसका नेतृत्व इसकी संयोजक शिवानी नेगी गुरंग कर रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया