दिल्ली में सिरमौर के यशपाल कपूर सम्मानित, श्रीलंकाई राजदूत ने प्रदान किया पुरस्कार

 

नाहन, 11 मई (हि.स.)। दिल्ली के विश्व युवा केंद्र स्थित रामकृष्ण बजाज सभागार में प्रोजेक्ट प्वाइंट द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय (भारत सरकार) और माय भारत के सहयोग से एक युवा संवाद का आयोजन किया गया। इस अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला के यशपाल कपूर को शांति और सद्भावना के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया।

इस कार्यक्रम का मुख्य विषय यूथ इन डेमोक्रेसी और गवर्नमेंट फॉर विकसित भारत @2047 रहा। संगोष्ठी के दौरान यूथ राइट एडवोकेसी एंड पॉलिसीज (युवा अधिकार वकालत और नीतियां) पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ भारत में श्रीलंका की उच्चायुक्त महिषिणी कोलोन ने किया।

इस अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में भारत के 23 राज्यों के 100 से अधिक युवाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इसके साथ ही पड़ोसी देशों से भी युवा प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिनमें श्रीलंका के 12 प्रतिनिधि, बांग्लादेश के 2 प्रतिनिधि, नेपाल का 1 प्रतिनिधि शामिल था।

कार्यक्रम के दौरान देश में युवाओं और समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले लीडर्स को सम्मानित किया गया। इसी कड़ी में सिरमौर जिले के पच्छाद उपमंडल की बजगा पंचायत (गाँव शामपुर) निवासी यशपाल कपूर को श्रीलंकाई राजदूत महिषिणी कोलोन ने सम्मानित किया।

यशपाल कपूर पिछले कई दशकों से देशभर में शांति और सद्भावना स्थापित करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहे हैं। उनके इसी निस्वार्थ सेवा भाव को देखते हुए उन्हें इस गरिमामय मंच पर पुरस्कृत किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर