त्रिलोकपुर ट्रस्ट के बजट से होगा ऐतिहासिक परशुराम मंदिर का कायाकल्प
नाहन, 03 अगस्त (हि.स.)। ऐतिहासिक शहर नाहन के हृदय स्थल में स्थित प्राचीन मियाँ मंदिर (भगवान परशुराम मंदिर) के जीर्णोद्धार और संरक्षण की दिशा में एक बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है। हाल ही में विधायक अजय सोलंकी ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मंदिर परिसर का दौरा किया और पूजा-अर्चना कर नाहन एवं समस्त प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना की।
निरीक्षण के दौरान देखा गया कि लगातार हो रही बारिश और रखरखाव के अभाव में मंदिर परिसर की सुरक्षा दीवारें ढहने की कगार पर पहुँच चुकी हैं और परिसर का एक हिस्सा लगातार धँस रहा है। ऐतिहासिक धरोहर के अस्तित्व पर मँडराते इस खतरे को देखते हुए विधायक ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित करने के निर्देश जारी किए। विधायक अजय सोलंकी ने माता बालासुंदरी त्रिलोकपुर मंदिर न्यास के अधिकारियों और प्रशासनिक अमले के साथ पूरी योजना पर विस्तृत चर्चा की और स्पष्ट किया कि मंदिर के कायाकल्प के लिए बजट की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
इस जीर्णोद्धार योजना के तहत माता बालासुंदरी टेंपल ट्रस्ट (त्रिलोकपुर) के माध्यम से धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी, जिसके लिए फिलहाल विस्तृत एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है। योजना के मुख्य कार्यों में धँस रहे परिसर को बचाने के लिए मजबूत सुरक्षा दीवारें लगाना, श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु सामुदायिक भवन का निर्माण करना, मुख्य मंदिर का संरक्षण और परिक्रमा मार्ग को सुव्यवस्थित करना शामिल है। विधायक ने मौके पर उपस्थित एस डी एम नाहन और त्रिलोकपुर मंदिर के एसडीओ को इन सभी विकास कार्यों को जल्द से जल्द कागजों से धरातल पर उतारने के सख्त निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर