तिलोरधार माइन हादसा: भारी मलबे के बीच दबे तीनों शव बरामद, 10 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
नाहन, 19 अगस्त (हि.स.)। जिला सिरमौर के तिलोरधार क्षेत्र के बागनधार में चूना पत्थर की माइन में हुए भूस्खलन के बाद मलबे में दबे तीनों लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। एनडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से करीब 10 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान तीनों शवों को मलबे से बाहर निकाला गया।
रेस्क्यू के दौरान पहले टिप्पर चालक अनिल कुमार (26) निवासी बड़वास, तहसील कमरऊ, जिला सिरमौर का शव मलबे से निकाला गया। इसके बाद शाम को नेपाली मजदूर धन सिंह (55) निवासी नगरपालिका बेदकोट, जिला कंचनपुर, नेपाल का शव भी बरामद कर लिया गया। रेस्क्यू अभियान के दौरान क्षेत्र में घनी बरसाती धुंध ने थोड़े समय के लिए रेस्क्यू कार्य में खलल डाला। अंधेरा होने और रेस्क्यू रोकने से ठीक पहले टीमों ने तीसरा शव भी बरामद कर लिया। मृतक की पहचान नेपाली मूल के गजेंद्र सिंह (50-55) के तौर पर हुई है।
गत मंगलवार दोपहर बाद बागनधार की भीमगोडा माइन में भारी भूस्खलन हुआ था। पहाड़ से आए भारी मलबे और चट्टानों की चपेट में दो डंपर और एक एलएनटी मशीन दब गई थी। हादसे के समय डंपरों में एक चालक और दो मजदूर मौजूद थे। तीनों मलबे में दब गए थे।हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। बुधवार को एनडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों की टीम ने सुबह करीब 8 बजे रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब 10 घंटे तक चले अभियान के दौरान रेस्क्यू टीमों ने तीनों शव बरामद कर लिए।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान लगातार बारिश, घने कोहरे और मलबा खिसकने की आशंका के कारण टीमों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद रेस्क्यू टीमों ने संभावित स्थानों पर मलबा हटाकर लगातार तलाश जारी रखी और तीनों शवों को बाहर निकाल लिया।
उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान का जायजा लिया। डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर भी मौके पर मौजूद रहे। एसडीएम शिलाई जसपाल के नेतृत्व में पूरे अभियान को संचालित किया गया। तीनों शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
एसडीएम जसपाल ने बताया कि तीनों शवों को बरामद कर लिया गया है। चूना खदान पर काफी जोखिम के बावजूद टीमें मौके पर डटी रहीं और तीनों शवों को खोजकर बाहर निकाल लिया है। मामले में अब आगामी कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर