डायना सौर झील के पास युवक की मौत, बीस भादो उत्सव की खुशियां मातम में बदलीं
कुल्लू, 07 सितंबर (हि.स.)। जिला मुख्यालय के साथ लगती लगघाटी के दूरदराज एवं दुर्गम क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल डायना सौर झील के पास एक 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक अपने चार दोस्तों के साथ 'बीस भादो' उत्सव के अवसर पर धार्मिक स्थल की सैर के लिए गया था। मृतक की पहचान शुभम ठाकुर (21) पुत्र ऋषि लाल, निवासी त्रिसड़ी, डाकघर शिरड़, तहसील एवं जिला कुल्लू के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुभम ठाकुर अपने दोस्तों के साथ डायना सौर घूमने गया था। उसके साथ पुष्कर ठाकुर (23) पुत्र देव दत्त, निवासी गलछेत, डाकघर शिरड़, संजीव कुमार (23) पुत्र रोशन लाल, निवासी त्रिसड़ी, डाकघर शिरड़, तथा मनोज कुमार (23) पुत्र गोविंद, निवासी भटकराल, डाकघर शिरड़ भी शामिल थे।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बीती रात युवक के शव को अपने कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
युवक की अचानक हुई मौत से उसके पैतृक गांव त्रिसड़ी सहित पूरे शिरड़ क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। 'बीस भादो' उत्सव के दौरान हुई इस घटना से क्षेत्र में मातम पसर गया।
पुलिस युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। मौत के कारणों को लेकर पुलिस द्वारा सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह