टटियाना बना मिसाल: बिना चुनाव, सर्वसम्मति से चुने प्रतिनिधि

 

नाहन, 03 मई (हि.स.)। सिरमौर जिला में शिलाई विधानसभा क्षेत्र में ग्राम पंचायत टटियाना में आज एक ऐसी परंपरा को आगे बढ़ाया गया, जो लोकतंत्र की सादगी, पारदर्शिता और सामाजिक एकता की मिसाल बनती जा रही है। पंचायत प्रतिनिधियों का चयन सर्वसम्मति से शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें किसी प्रकार का चुनावी मुकाबला, प्रचार या खर्च देखने को नहीं मिला।

दरअसल, वर्ष 2020 में गांव के बुद्धिजीवियों और वरिष्ठ नागरिकों द्वारा एक अनोखी व्यवस्था शुरू की गई थी। इस व्यवस्था के तहत पूरे गांव के चार बड़े परिवारों से नामित प्रतिनिधियों के नाम पर्चियों में डालकर चयन किया जाता है। यह प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और आपसी सहमति पर आधारित होती है। इसी परंपरा को निभाते हुए आज निम्न प्रतिनिधियों का चयन किया गया। प्रधान पूनम शर्मा, उप प्रधान दाता राम शर्मा, बीडी सी सदस्य प्रियंका शर्मा।

गांव में इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य आपसी भाईचारा बनाए रखना, चुनावों में होने वाले अनावश्यक खर्च से बचना और बिना किसी विवाद के शांतिपूर्ण तरीके से नेतृत्व का चयन करना है। खास बात यह रही कि पूरे चयन प्रक्रिया के दौरान गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और सभी वर्गों के लोगों ने मिलकर इस निर्णय का स्वागत किया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जहां आजकल चुनावों में प्रतिस्पर्धा, खर्च और कभी-कभी आपसी मतभेद बढ़ जाते हैं, वहीं टटियाना गांव ने एक अलग राह दिखाते हुए यह साबित किया है कि आपसी समझ और विश्वास से भी मजबूत नेतृत्व चुना जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर