चूड़ेश्वर सेवा समिति के 25 वर्ष पूरे, पांवटा साहिब में होगा भव्य सम्मेलन
नाहन, 05 अक्टूबर (हि.स.)। चूड़ेश्वर सेवा समिति के गठन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पांवटा साहिब में भव्य सम्मेलन आयोजित करने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। समिति से जुड़ी करीब 58 यूनिटों की भागीदारी वाले इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर पांवटा साहिब के लोक निर्माण विभाग विश्रामगृह में महत्वपूर्ण बैठकें और चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है। सम्मेलन में हजारों की संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पार्किंग, बैठने, यातायात, सुरक्षा, पेयजल, भोजन सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत योजना तैयार की जा रही है।
आयोजकों की ओर से इस कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल सहित कई वरिष्ठ नेताओं और गणमान्य लोगों को आमंत्रित करने की तैयारी है। समिति के 25 वर्ष पूरे होने के इस अवसर को यादगार बनाने के लिए सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित करने पर भी चर्चा चल रही है।
पांवटा साहिब यूनिट के अध्यक्ष ओम प्रकाश चौहान ने बताया कि नगर परिषद मैदान में इस भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समिति के 25 वर्ष पूरे होना सभी कार्यकर्ताओं और सदस्यों के लिए गौरव का विषय है और इसे बड़े स्तर पर मनाने की तैयारियां की जा रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर