चंबा में देशभर से जुटेंगे इलैक्ट्रोहोम्योपैथिक चिकित्सक, 22 सितंबर से होगा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आग़ाज़

 




धर्मशाला, 20 सितंबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध हर्बल आधारित चिकित्सा पद्धति -इलैक्ट्रोहोम्योपैथी पर चंबा में 22-27 सितंबर तक पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। जिसमें देशभर से क़रीब 150 से अधिक चिकित्सक शामिल होंगे जो इस चिकित्सा पद्धति की बारीकियों और विशेषताओं से रूबरू होंगे। हिमाचल प्रदेश इलैक्ट्रोहोम्योपैथिक चिकित्सक एसोसिएशन (हेडा) के राज्य संयोजक सुरेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि प्रदेश में पिछले तीन दशकों से लगातार चिकित्सा पद्धति में विकास एवं शोध कार्य चल रहे हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि रबिसन इंडिया इलैक्ट्रोहोम्यो फार्मा के माध्यम से भारत में लोगों को गुणवत्तापूर्ण औषधि उपलब्ध कराई जा रही है जिससे देश के विभिन्न राज्यों में कार्यरत स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीज़ों को लाभ मिल रहा है। इस चिकित्सा पद्धति में हर प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है जिससे देश में दिनोंदिन ख्याति बढ़ती जा रही है।

राज्य संयोजक ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्रालय भारत सरकार द्वारा गठित विशेषज्ञ समिति इन दिनों देशभर में भ्रमण करके गहन जांच कर रही है ताकि जल्द ही केंद्र सरकार की मंज़ूरी प्राप्त की जाए। बहरहाल एसोसिएशन और रबिसन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया