गोरक्षकनाथ राजकीय संस्कृत महाविद्यालय नाहन में जिला स्तरीय संस्कृत सप्ताह महोत्सव का आयोजन
नाहन, 31 अगस्त (हि.स.)।
देववाणी संस्कृत भाषा के संवर्धन और छात्रों में संस्कृत के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से भाषा एवं संस्कृति विभाग, जिला सिरमौर द्वारा सोमवार को गोरक्षकनाथ राजकीय संस्कृत महाविद्यालय नाहन में जिला स्तरीय संस्कृत सप्ताह महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा संस्कृत स्वागत गीत से किया गया।
जिला भाषा अधिकारी कांता नेगी ने कहा कि संस्कृत हमारी भारतीय संस्कृति, ज्ञान, साहित्य एवं परंपरा की अमूल्य धरोहर है। संस्कृत सप्ताह के माध्यम से विद्यार्थियों में भाषा के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति रुचि और प्रेम जागृत कर उन्हें गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि संस्कृत हमारी अपनी भाषा है और इसे आम बोलचाल में शामिल करना चाहिए, लेकिन भावी पीढ़ी पाश्चात्य संस्कृति की ओर आकर्षित हो रही है, जिससे इसका प्रचलन कम हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को संस्कृत की ओर आकर्षित करने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।
महोत्सव के दौरान श्लोकोच्चारण, एकल गीतिका गायन, निबंध लेखन और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें जिला सिरमौर के लगभग 25 स्कूलों के 110 बच्चों ने भाग लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर