कांग्रेस ने जिलों में प्रभारी किए नियुक्त, उपाध्यक्षों और महासचिवों को मिला दायित्व

 


शिमला, 18 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन को और सक्रिय बनाने के उद्देश्य से अपने उपाध्यक्षों, महासचिवों तथा विभिन्न अग्रणी संगठनों और विभागों के पदाधिकारियों को जिलावार जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार की मंजूरी के बाद प्रदेश कांग्रेस महासचिव (संगठन) विनोद जिंटा ने बुधवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की।

अधिसूचना के अनुसार चंबा जिले का दायित्व कांग्रेस उपाध्यक्ष कर्ण पठानिया को सौंपा गया है। उनके साथ महासचिव मनमोहन कटोच को चंबा जोन-1 के तहत चंबा और डलहौजी विधानसभा क्षेत्रों का प्रभार दिया गया है, जबकि महासचिव बलविंदर बबलू को चंबा जोन-2 के अंतर्गत भरमौर, चुराह और भटियात विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कांगड़ा जिले का दायित्व कांग्रेस उपाध्यक्ष सतपाल रायजादा को दिया गया है। महासचिव विवेक कुमार को देहरा, कांगड़ा, जसवां-परागपुर, ज्वालामुखी और धर्मशाला विधानसभा क्षेत्रों का प्रभार सौंपा गया है। वहीं महासचिव अमित भरमौरी को फतेहपुर, नूरपुर, इंदौरा, जवाली और शाहपुर विधानसभा क्षेत्रों वाले नूरपुर जोन की जिम्मेदारी दी गई है। पालमपुर जोन के तहत पालमपुर, बैजनाथ, जयसिंहपुर, सुलह और नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्रों का प्रभार यशवंत खन्ना को दिया गया है।

हमीरपुर जिले की जिम्मेदारी कांग्रेस उपाध्यक्ष जीवन ठाकुर और महासचिव पवन ठाकुर को सौंपी गई है। ऊना जिले का दायित्व उपाध्यक्ष चंद्र प्रभा नेगी और महासचिव विकास ठाकुर को दिया गया है। बिलासपुर जिले का प्रभार उपाध्यक्ष परस राम और महासचिव रमेश चौहान को सौंपा गया है।

मंडी जिले में संगठनात्मक कार्यों की निगरानी की जिम्मेदारी उपाध्यक्ष बंबर ठाकुर को दी गई है। उनके साथ महासचिव रणजीत सिंह राणा को मंडी जोन के तहत मंडी, बल्ह, सुंदरनगर, नाचन और करसोग विधानसभा क्षेत्रों का प्रभार दिया गया है। वहीं महासचिव देवेंद्र जग्गी को धर्मपुर जोन के अंतर्गत जोगिंदरनगर, सरकाघाट, धर्मपुर, सराज और द्रंग विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जिला किन्नौर का दायित्व उपाध्यक्ष चेतराम ठाकुर और महासचिव सुरेश नागटा को दिया गया है। लाहौल-स्पीति जिले का प्रभार उपाध्यक्ष प्रकाश चौधरी और महासचिव हरिचंद शर्मा को सौंपा गया है। सिरमौर जिले की जिम्मेदारी उपाध्यक्ष रजनीश किमटा और महासचिव धर्मेंद्र धामी को दी गई है।

शिमला जिले में संगठनात्मक कार्यों के लिए उपाध्यक्ष चेतराम ठाकुर को जिम्मेदारी सौंपी गई है। महासचिव सत्यजीत नेगी को शिमला जोन के तहत शिमला शहरी, शिमला ग्रामीण और कुसुम्पटी विधानसभा क्षेत्रों का प्रभार दिया गया है। वहीं महासचिव रमेश ठाकुर को महासू जोन के अंतर्गत चौपाल, रामपुर, ठियोग, जुब्बल-कोटखाई और रोहड़ू विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है।

सोलन जिले का दायित्व उपाध्यक्ष महेंद्र चौहान को सौंपा गया है। महासचिव चंद्रशेखर शर्मा को दून जोन के तहत कसौली, नालागढ़ और दून विधानसभा क्षेत्रों का प्रभार दिया गया है, जबकि महासचिव अनीता वर्मा को सोलन और अर्की विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कुल्लू जिले का दायित्व उपाध्यक्ष प्रकाश चौधरी और महासचिव दीपक शर्मा को दिया गया है।

इसके अलावा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अपने अग्रणी संगठनों और विभागों के पदाधिकारियों को भी जिम्मेदारियां सौंपी हैं। प्रशिक्षण विभाग का दायित्व सुरेंद्र मनकोटिया को दिया गया है। मीडिया विभाग की जिम्मेदारी हरी कृष्ण हिमराल को सौंपी गई है। अनुसूचित जाति विभाग का प्रभार यशपाल तनाइक को दिया गया है। किसान कांग्रेस की जिम्मेदारी महेंद्र स्तान को, युवा कांग्रेस का दायित्व उपेंद्र कांत मिश्रा को, एनएसयूआई की जिम्मेदारी यदोपति ठाकुर को, कांग्रेस सेवा दल का दायित्व ज्योति खन्ना को तथा महिला कांग्रेस की जिम्मेदारी सोनिया चौहान को सौंपी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा