कांग्रेस ने 140 साल में भ्रम ही फैलाया, लोकतंत्र को उससे ही खतरा: भाजपा

 


शिमला, 28 दिसंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संदीपनी भारद्वाज ने कांग्रेस की 140वीं वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम में मंत्री जगत सिंह नेगी के बयानों पर पलटवार किया है। उन्होंने रविवार को कहा कि कांग्रेस ने अपने 140 साल के इतिहास में देश को गुमराह करने, संस्थाओं के दुरुपयोग और सत्ता के लिए संविधान की आड़ लेने का ही काम किया है। देश को न तो संविधान से खतरा है और न ही लोकतंत्र से, असली खतरा कांग्रेस की झूठी और भ्रम फैलाने वाली राजनीति से है।

संदीपनी भारद्वाज ने कहा कि आज कांग्रेस जिस संविधान की दुहाई दे रही है, उसी संविधान का सबसे अधिक अपमान कांग्रेस के शासनकाल में हुआ। उन्होंने मंत्री नेगी के उस बयान को भी गलत बताया, जिसमें कहा गया कि कांग्रेस के बिना देश को आज़ादी नहीं मिलती।

भाजपा प्रवक्ता के अनुसार आज़ादी किसी एक पार्टी की देन नहीं थी, बल्कि इसमें अनेक स्वतंत्रता सेनानियों का योगदान रहा है। इसे किसी एक दल की बपौती बताना इतिहास के साथ छेड़छाड़ और स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान है।

उन्होंने कहा कि आपातकाल लगाकर अभिव्यक्ति की आज़ादी छीनने वाली कांग्रेस आज लोकतंत्र बचाने की बात कर रही है, जो सबसे बड़ा राजनीतिक पाखंड है। भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस द्वारा भाजपा पर देश को बांटने के आरोपों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि जाति, धर्म, क्षेत्र और वोट बैंक के आधार पर देश को बांटने का काम दशकों तक कांग्रेस ने किया, जबकि भाजपा ने ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के मंत्र पर चलते हुए देश को जोड़ने का प्रयास किया है।

संवैधानिक संस्थाओं पर हमले के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए संदीपनी भारद्वाज ने कहा कि न्यायपालिका, चुनाव आयोग और जांच एजेंसियों का राजनीतिक दुरुपयोग सबसे अधिक कांग्रेस सरकारों के समय हुआ। आज जब कानून अपने अनुसार काम कर रहा है और भ्रष्टाचार पर कार्रवाई हो रही है, तो कांग्रेस को संस्थाएं कमजोर नजर आने लगी हैं।

पीडीएनए राहत राशि को लेकर कांग्रेस के बयानों को भ्रामक बताते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि केंद्र सरकार ने आपदा के समय हिमाचल प्रदेश को हजारों करोड़ रुपये की मदद दी है। इसमें हाल ही में जारी 601 करोड़ रुपये की दूसरी किश्त भी शामिल है। उन्होंने कहा कि यह राशि कोई एहसान नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता का प्रमाण है। कांग्रेस सरकार को चाहिए कि वह श्रेय लेने की राजनीति छोड़कर इस राशि को जल्द और ईमानदारी से आपदा प्रभावित लोगों तक पहुंचाए।

संदीपनी भारद्वाज ने सवाल उठाया कि 2023, 2024 और 2025 में केंद्र से मिली सहायता का कितना हिस्सा वास्तव में प्रभावितों तक पहुंचा और कितना कागजों में ही रह गया। उन्होंने कहा कि यदि आज भी लोग बेघर हैं, तो इसकी जिम्मेदारी पूरी तरह प्रदेश की कांग्रेस सरकार की है।

मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा सांसदों पर दिए गए बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि हिमाचल के सांसद लगातार प्रदेश के हितों के लिए आवाज उठा रहे हैं। कांग्रेस के मंत्रियों को दिल्ली को कोसने के बजाय यह बताना चाहिए कि राज्य सरकार ने राहत, पुनर्वास और विकास के लिए क्या ठोस कदम उठाए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा