एलाइड एवं हेल्थकेयर के चार वर्षीय पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन शुरू
शिमला, 06 सितंबर (हि.स.)। स्वास्थ्य क्षेत्र में स्नातक स्तर पर करियर बनाने की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए हिमाचल प्रदेश में एलाइड एवं हेल्थकेयर पाठ्यक्रमों में प्रवेश का रास्ता खुल गया है। चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के तहत अटल मेडिकल एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी हिमाचल प्रदेश ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एलाइड एवं हेल्थकेयर कॉलेज, हमीरपुर में चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।
विश्वविद्यालय के एक प्रवक्ता ने बताया कि इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश आठ सेमेस्टर की पढ़ाई पूरी करने के बाद होगा। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित शुल्क के साथ 13 सितंबर 2026 को रात 11:55 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन में किसी तरह की त्रुटि होने पर सुधार के लिए 14 सितंबर 2026 की तिथि निर्धारित की गई है।
उन्होंने कहा कि प्रवेश परीक्षा के लिए सामान्य, ओबीसी और इन वर्गों की उप-श्रेणियों के अभ्यर्थियों को 2,200 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस और आईआरडीपी श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 1,400 रुपये निर्धारित किया गया है। दिव्यांग अभ्यर्थियों से आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा। संयुक्त प्रवेश परीक्षा की संभावित तिथि विश्वविद्यालय की ओर से बाद में अधिसूचित की जाएगी।
प्रवक्ता ने कहा कि हमीरपुर स्थित एलाइड एवं हेल्थकेयर कॉलेज में इन पाठ्यक्रमों के लिए कुल 210 सीटें उपलब्ध हैं। इनमें बैचलर ऑफ एनेस्थीसिया एंड ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी की 60, बैचलर ऑफ मेडिकल रेडियोलॉजी एंड इमेजिंग टेक्नोलॉजी की 60, बैचलर ऑफ मेडिकल लेबोरेटरी साइंस की 60 और बैचलर ऑफ डायलिसिस थेरेपी टेक्नोलॉजी की 30 सीटें शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि कुल सीटों में 42 इन-सर्विस, 105 सब्सिडाइज्ड और 63 नॉन-सब्सिडाइज्ड सीटें हैं। विश्वविद्यालय की ओर से निर्धारित प्रवेश प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों को संयुक्त प्रवेश परीक्षा में शामिल होना होगा।
अभ्यर्थी अपनी सुविधा के अनुसार शिमला, हमीरपुर, मंडी या कांगड़ा में से किसी एक स्थान को परीक्षा केंद्र के रूप में चुन सकते हैं। परीक्षा केंद्र का पूरा पता प्रवेश पत्र के साथ विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा। विश्वविद्यालय को आवश्यकता के अनुसार परीक्षा केंद्र में बदलाव करने का अधिकार भी होगा।
विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों से आवेदन निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन जमा करने और आवेदन से जुड़ी जानकारी व आगे की प्रक्रिया के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी अधिसूचनाओं को देखने को कहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा