एचआरटीसी पेंशनरों ने उठाई लंबित एरियर और मेडिकल बिल भुगतान की मांग, जल्द समाधान की उम्मीद

 


नाहन, 10 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के पेंशनरों की एक बैठक शुक्रवार को नाहन में आयोजित हुई। बैठक में वर्ष 2016 से लंबित एरियर के भुगतान, पिछले तीन वर्षों से मेडिकल बिलों की अदायगी न होने तथा पेंशन के नियमित रूप से न मिलने जैसी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

पेंशनर संघ के अध्यक्ष मोहन सिंह ठाकुर ने बताया कि उम्र के इस पड़ाव पर बीमारियां बढ़ना स्वाभाविक है, लेकिन तीन वर्षों से मेडिकल बिलों का भुगतान न होने के कारण पेंशनरों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा पेंशन भी समय पर नहीं मिल रही, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है।

उन्होंने कहा कि पेंशनरों की प्रमुख मांग है कि लंबित मेडिकल बिलों का शीघ्र भुगतान किया जाए और 2016 से बकाया एरियर जल्द जारी किए जाएं।

ठाकुर ने जानकारी दी कि 30 मार्च को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पेंशनरों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया था। हालांकि, इस संबंध में अभी तक राज्य स्तर पर कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन पेंशनरों को उम्मीद है कि जल्द बैठक आयोजित कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर