एक जून तक वेतन नही आया तो, हड़ताल पर जाएंगे राज्य परिवहन निगम के सभी कर्मी
नाहन, 23 मई (हि.स.)। राज्य परिवहन निगम कर्मचारियों ने आज वेतन समय पर न मिलने तथा लंबित पड़े वित्तीय लाभों को लेकर नाहन में कर्मशाला के बाहर सांकेतिक प्रदर्शन किया। निगम के सभी वर्गों से कर्मचारियों ने इसमें भाग लिया और सरकार से माँग की है कि अन्य विभागों के समान उन्हें भी वेतन एक तारीख को मिलना चाहिय। निगम में वेतन का कोई समय ही निर्धारित नहीं है जिसके चलते कर्मचारियों को अपने परिवार चलाना भी कठिन हो जाता है। निगम कर्मियों के लिए एक तारीख वेतन हेतु निर्धारित की जाए । समय पर वेतन व अन्य लंबित लाभों की अदायगी की जाए।
चालक, परिचालक एवं सर्व कर्मचारी संघ के अध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि यदि एक जून को वेतन नहीं आया तो प्रदेश स्तर पर 12 बजे के बाद हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि परिवहन निगम कर्मचारियों के कई वित्तीय लाभ अभी लंबित पड़े हैं उनका भी तुरंत भुगतान होना चाहिय।
शर्मा ने कहा कि प्रदेश में अन्य विभागों को समय पर एक तारीख को वेतन मिल जाता है लेकिन परिवहन निगम में की निर्धारित तिथि ही नहीं है। इसलिए अब वो संघर्ष के लिए मजबूर है और निगम को सूचित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि आज तक परिवहन निगम कर्मचारियों को बिना संघर्ष किए कुछ नहीं मिला और अब वो इस संघर्ष के लिए भी तैयार है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर