अनक्लेम्ड जमा राशि पर विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन
मंडी, 29 नवंबर (हि.स.)। भारत सरकार के वित्तीय सेवाएं विभाग तथा भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा आरंभ किए गए देशव्यापी अभियान आपका पैसा, आपका अधिकार के अंतर्गत कोटली में शुक्रवार को पंजाब नेशनल बैंक द्वारा अनक्लेम्ड जमा राशि से संबंधित विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह अभियान 31 दिसंबर तक पूरे देश में चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य लोगों को उनके निष्क्रिय खातों तथा अनक्लेम्ड धन को प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में जागरूक करना है। इस विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक कोटली, भारतीय स्टेट बैंक कोटली, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक कोटली तथा एलडीएम कार्यालय मंडी के संयुक्त सहयोग से किया गया। शिविर में लगभग 50 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में पंजाब नेशनल बैंक एलडीएम कार्यालय के अधिकारी सहित हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक कोटली, भारतीय स्टेट बैंक कोटली तथा हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक कोटली के प्रबंधकों ने अनक्लेम्ड जमा राशि, बचत योजनाओं तथा बैंकिंग सेवाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। प्रतिभागियों को बताया गया कि निष्क्रिय बचत खाते, सावधि जमा, आवर्ती जमा, शेयर खाते तथा अन्य जमा योजनाओं से संबंधित अनक्लेम्ड धन को सरल प्रक्रिया के माध्यम से कैसे प्राप्त किया जा सकता है। अधिकारियों ने कहा कि बैंकिंग सेवाओं की पारदर्शिता और सुगमता सुनिश्चित करने के लिए नागरिकों का जागरूक होना तथा समय समय पर अपने खातों का सत्यापन करवाना अत्यंत आवश्यक है। शिविर में उपस्थित लोगों के प्रश्नों का समाधान भी मौके पर किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा