सुक्खू के गढ़ में भाजपा का परचम, हमीरपर जिला परिषद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पर भाजपा की जीत
हमीरपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के गृह जिला हमीरपुर में पंचायती राज चुनावों के बाद जिला परिषद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों पर भी विजय प्राप्त कर अपना परचम लहरा दिया है। सोमवार को संपन्न हुए जिला परिषद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव में भाजपा समर्थित सदस्यों ने दोनों प्रमुख पदों पर सर्वसम्मति से जीत दर्ज कर संगठन की मजबूती और जनसमर्थन का परिचय दिया।
धमरोल वार्ड से निर्वाचित जिला परिषद सदस्य अनीता देवी को सर्वसम्मति से जिला परिषद अध्यक्ष तथा करेर वार्ड से निर्वाचित गुरदीप सिंह को सर्वसम्मति से जिला परिषद का उपाध्यक्ष चुना गया।
भाजपा ने कहा कि जिला परिषद के परिणाम घोषित होने के कई सप्ताह बाद तक अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव लंबित रखे गए। पार्टी का आरोप है कि कांग्रेस सरकार ने राजनीतिक समीकरण बदलने तथा अनैतिक तरीकों से समीकरण अपने पक्ष में करने की मंशा से इन चुनावों में अनावश्यक विलंब किया। किंतु लोकतांत्रिक मूल्यों और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की दृढ़ता के सामने ऐसे सभी प्रयास विफल रहे तथा अंततः भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने दोनों पदों पर निर्विरोध विजय प्राप्त कर कांग्रेस सरकार की मंशा पर करारा जवाब दिया।
चुनाव प्रक्रिया भाजपा के चुनाव प्रभारी एवं नयनादेवी के विधायक रणधीर शर्मा तथा जिला प्रभारी एवं भाजपा प्रदेश सचिव अमित ठाकुर के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस अवसर पर विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, विधायक आशीष शर्मा, भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र राणा, पूर्व विधायक कमलेश कुमारी, डॉ. अनिल धीमान व विजय अग्निहोत्री, जिला महामंत्री अजय रिंटू, सभी मंडलों के अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
चुनाव परिणाम घोषित होने के उपरांत भाजपा नेताओं के नेतृत्व में नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष तथा अन्य विजयी सदस्यों के साथ जिला परिषद भवन से गांधी चौक तक भव्य विजय रैली निकाली गई। कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक एक-दूसरे को बधाई दी तथा इस विजय को हमीरपुर की जनता द्वारा भाजपा की नीतियों, संगठनात्मक शक्ति और जनसेवा के प्रति व्यक्त विश्वास का प्रतीक बताया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि हमीरपुर में भाजपा की यह जीत केवल ट्रेलर है, पूरी पिक्चर 2027 के विधानसभा चुनावों में सामने आएगी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को उनके अपने गृह जिले की जनता ने उनकी वास्तविक राजनीतिक स्थिति का एहसास करा दिया है। जो मुख्यमंत्री अपने ही गृह जिले में राजनीतिक बढ़त कायम नहीं रख पा रहा है, उससे प्रदेश सरकार के संचालन की स्थिति का सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है। आने वाले विधानसभा चुनावों में प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार को पूरी तरह जवाब देगी।
भाजपा नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जिले में मिली यह विजय स्पष्ट संदेश है कि जनता विकास, पारदर्शिता और जनहित की राजनीति के साथ खड़ी है। पार्टी ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में जिला परिषद जनहित और विकास के नए आयाम स्थापित करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा