युवा संसद महोत्सव के लिए 31 अक्टूबर तक आवेदन, 18 से 25 साल के युवा ले सकेंगे हिस्सा
शिमला, 26 अक्टूबर (हि.स.)। भारत सरकार के युवा मामले और खेल मंत्रालय के ‘मेरा युवा भारत’ की ओर से राष्ट्रीय युवा संसद महोत्सव 2026-27 के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। शिमला जिले में जिला स्तरीय कार्यक्रम दो नवंबर को संभावित है। इसमें 18 से 25 वर्ष की आयु के युवा हिस्सा ले सकेंगे। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 है। आयु की गणना 17 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्रतिभागियों को ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ विषय पर तीन मिनट का भाषण देना होगा। यह वाद-विवाद प्रतियोगिता नहीं होगी। युवा हिंदी या अंग्रेजी में अपने विचार रख सकेंगे। कार्यक्रम स्थल और आयोजन की पुष्ट तिथि की जानकारी सभी आवेदकों को फोन के माध्यम से दी जाएगी।
इस महोत्सव के तहत जिला स्तर के तीन विजेताओं को राज्य स्तर पर भाग लेने का अवसर मिलेगा। इसके बाद प्रत्येक राज्य से तीन विजेता राष्ट्रीय स्तर पर अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। पिछले वर्षों के राज्य स्तरीय विजेता इस वर्ष आवेदन करने के पात्र नहीं हैं।
राष्ट्रीय स्तर के प्रतिभागियों के लिए नौ और 10 जनवरी 2027 को नई दिल्ली स्थित संसद के सेंट्रल हॉल में कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसमें प्रश्नकाल, मास्टर क्लास, संसद की कार्यवाही के अनुकरण और नई संसद में बजट सत्र की लाइव कार्यवाही देखने जैसी गतिविधियां शामिल होंगी। प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री संग्रहालय के दौरे और पुरस्कार समारोह में भी हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा।
राष्ट्रीय स्तर के सभी प्रतिभागी 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में भी भाग ले सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक भागीदारी, सार्वजनिक नीतियों की समझ और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा