रामपुर में खड्ड में नहाते समय युवक डूबा, शव बरामद

 

शिमला, 07 मार्च (हि.स.)। जिला शिमला के रामपुर उपमंडल में एक युवक की खड्ड में डूबने से मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार को मछाड़ा खड्ड के पास बद्राश इलाके में हुई।

पुलिस के अनुसार अभिषेक रॉयल (34 वर्ष) अपने पांच दोस्तों के साथ दिन के समय मछाड़ा खड्ड में नहाने के लिए गया हुआ था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया।

जब साथ मौजूद लोगों ने उसे पानी से बाहर निकालने की कोशिश की तो वह दिखाई नहीं दिया। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।

पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से खोजबीन की गई और बाद में अभिषेक रॉयल का शव खड्ड से बरामद कर लिया गया। अभिषेक रॉयल गांव जरोल, उप तहसील कोटगढ़, जिला शिमला का रहने वाला था।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा