शिमला में युवा कांग्रेस का मशाल जुलूस, पेपर लीक और महंगाई पर केंद्र सरकार को घेरा

 




शिमला, 18 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस ने महंगाई, ईंधन संकट और विभिन्न भर्ती व प्रवेश परीक्षाओं में सामने आए पेपर लीक मामलों के विरोध में वीरवार शाम शिमला में मशाल जुलूस निकाला। पार्टी मुख्यालय राजीव भवन से शुरू हुआ यह जुलूस लोअर बाजार से होते हुए उपायुक्त कार्यालय तक पहुंचा, जिसमें युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं, छात्रों और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और रोजगार, शिक्षा तथा महंगाई से जुड़े मुद्दों को उठाया।

युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष छत्तर सिंह ठाकुर ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों ने युवाओं के भविष्य और उनकी मेहनत पर गंभीर असर डाला है। उनका कहना था कि नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं ने शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और उनके भविष्य को सुरक्षित करने में विफल रही है।

भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और हिमाचल के सह-प्रभारी ज्योतिष एच. एम. ने कहा कि रोजगार, शिक्षा और अवसरों के मुद्दों पर युवाओं का भरोसा कमजोर हुआ है। उन्होंने पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उनके अनुसार, युवाओं को न्याय मिलने तक संगठन का आंदोलन जारी रहेगा।

मशाल जुलूस में शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान और ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर भी शामिल हुए। सुरेंद्र चौहान ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और युवाओं के भविष्य को लेकर देशभर में चिंता का माहौल है, जबकि कुलदीप सिंह राठौर ने भर्ती परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक और बढ़ती बेरोजगारी को युवाओं के लिए गंभीर चुनौती बताया। युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। साथ ही संगठन ने 19 जून को राहुल गांधी के जन्मदिवस के अवसर पर शिमला के रिज मैदान में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने की भी घोषणा की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा