हमीरपुर के हीरानगर चिल्ड्रन पार्क के पास बनेगा स्ट्रीट फूड हब
हमीरपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। हमीरपुर के हीरानगर स्थित चिल्ड्रन पार्क आने वाले लोगों को जल्द ही घूमने-फिरने के साथ विभिन्न तरह के व्यंजनों का स्वाद लेने की सुविधा भी एक ही स्थान पर मिल सकेगी। जिला प्रशासन ने चिल्ड्रन पार्क के बाहरी क्षेत्र को स्ट्रीट फूड हब के रूप में विकसित करने की योजना तैयार की है। इस परियोजना को वन विभाग के माध्यम से करीब एक करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं और वन विभाग भी योजना को जमीन पर उतारने की तैयारी में जुटा है।
जिला प्रशासन के अनुसार स्ट्रीट फूड हब में हिमाचली धाम, मक्की की रोटी, सरसों का साग, सिड्डू, परांठा और अन्य पारंपरिक हिमाचली व्यंजनों के साथ डोसा, इडली, समोसा, टिक्की तथा देश के अन्य पारंपरिक व्यंजन उपलब्ध होंगे। यहां कॉन्टिनेंटल फूड और अन्य खाने-पीने की चीजें भी मिलेंगी। फूड हब में स्वच्छता और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मानकों के अनुसार व्यवस्थाएं की जाएंगी।
जिला प्रशासन का मानना है कि इस योजना के शुरू होने के बाद हीरानगर चिल्ड्रन पार्क परिवारों, बच्चों और युवाओं के लिए और अधिक आकर्षक स्थान बन जाएगा। यहां आने वाले लोगों को खाने-पीने की अच्छी और साफ-सुथरी सुविधा मिलेगी। पार्क के पास पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था होने से लोगों को वाहन खड़े करने में भी परेशानी नहीं होगी।
इस योजना से स्थानीय छोटे व्यापारियों को भी अपने कारोबार के लिए बेहतर स्थान मिलने की उम्मीद है। जिला प्रशासन का कहना है कि प्रदेश के कुल्लू जिले के मढ़ी और जलोड़ी पास जैसे पर्यटन स्थलों पर इस तरह के स्ट्रीट फूड हब सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं। उसी तर्ज पर हीरानगर में भी फूड स्टॉल स्थापित किए जाएंगे।
उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि हमीरपुर में लंबे समय से ऐसे स्थान की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जहां लोग अपने परिवार और मित्रों के साथ समय बिता सकें और पसंदीदा व्यंजनों का आनंद भी ले सकें। इसी सोच के साथ चिल्ड्रन पार्क के बाहरी क्षेत्र को स्ट्रीट फूड हब के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत वन विभाग फूड स्टॉल का निर्माण करेगा। यहां हिमाचल प्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों के साथ देश के अन्य राज्यों के व्यंजन, कॉन्टिनेंटल फूड और अन्य खाद्य सामग्री भी उपलब्ध होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा