योग हमारी संस्कृति की सबसे बड़ी धरोहर : ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू
हमीरपुर, 21 जून (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार सुबह हमीरपुर के अणु स्थित सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड में आयुष विभाग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय योग महोत्सव में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और करीब दो हजार लोगों के साथ योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित करके किया। इस दौरान उन्होंने आयुष विभाग द्वारा प्रकाशित 'योग सामरिक' पुस्तक का विमोचन भी किया। आयुष, विधि, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
योगाभ्यास के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की सभी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि योग हमारी सनातन परंपरा और संस्कृति की सबसे बड़ी धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व मान रहा है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और शांतिपूर्ण जीवन जीने की प्रेरणा देने वाला आध्यात्मिक विज्ञान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज दुनिया भर में लोग योग को अपना रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि निचले हिमाचल के हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना जिलों में खेल सुविधाएं तेजी से विकसित की जा रही हैं। हमारी सरकार आगामी वर्ष के लिए खेलो इंडिया राष्ट्रीय गेम्स को हिमाचल प्रदेश में करवाने के लिए अपनी दावेदारी प्रस्तुत करेगी।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे 'ड्रग फ्री हिमाचल' अभियान का जिक्र करते हुए सीएम सुक्खू ने कहा कि इस अभियान के दूसरे चरण में सरकार हर घर तक पहुंचकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेगी। योग इस मुहिम की अहम कड़ी है, क्योंकि योग मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को मजबूत करता है, जिससे नशे की लत से बचा जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा