वरिष्ठ साहित्यकार एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के पूर्व संयुक्त निदेशक केएल वैद्य का निधन

 


मंडी, 25 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के प्रतिष्ठित साहित्यकार एवं सूचना-जनसंपर्क विभाग के पूर्व संयुक्त निदेशक किशोरी लाल वैद्य का निधन हो गया। वे नब्बे साल के थे। 29 मार्च 1936 को मंडी में रघुवीर सिंह वैद्य और माता सोमा वैद्य के घर जन्में केएल वैद्य का सृजन राष्ट्रीय ही नहीं अपितु अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति अर्जित किए हुए था। । इन्होंने अपनी स्नातक की उपाधि वल्लभ महाविद्यालय मंडी से प्राप्त की। जबकि डीएवी कॉलेज होशियारपुर जो बाद में जालंधर चला गया से एमए पॉलिटिकल साइंस में किया। तत्पश्चात इन्होंने सोलन से बीएड किया। वे हिमाचल की कला संस्कृति पर अंग्रेजी में लिखने वाले लेखकों में शुमार थे।

हिमालय की पारंपरिक लोककला, कला-संस्कृति, धर्म और साहित्य पर बराबर उनकी लेखनी चलती रही। इनके पिता जी उर्दू के एक जाने मने अध्यापक थे। वर्ष 1960 में राजकीय उच्च विद्यालय हटगढ़ में अध्यापक के रूप में अपना करियर शुरू करने वाले किशोरी लाल वैद्य सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में बतौर उप संपादक हिमप्रस्थ में अपनी सेवाएं शुरू की। इसके पश्चात हिमप्रस्थ के संपादक, जनसंपर्क अधिकारी, उप निदेशक और संयुक्त निदेशक के पद तक पहुंचे। इसी बीच कुछ समय के लिए तत्कालीन मुख्यमंत्री शांता कुमार के प्रेस सचिव का दायीत्व भी संभाला।

किशोरी लाल वैद्य संवेदनशील लेखक होने के साथ-साथ देशभक्त नागरिक भी थे। वर्ष 1962 में उनकी शादी श्रीमती गंगा कपूर पुत्री हरदेव कपूर से हुई । इसी दौरान भारत-चीन युद्ध भी शुरू हो गया। केएल वैद्य ने अपनी और अपनी पत्नी की सोने की अंगूठियां दान कर दी थी। सरकारी सेवा के दौरान इनका लेखन व अध्ययन कार्य जारी रहा। हिमाचल की सांस्कृतिक विविधता, लोक एवं शिल्पकला पर इनके आलेख राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सराहे गए।

उनके निधन से हिमाचल की संस्कृति को जानने समझने वाला कला-संस्कृति मर्मज्ञ खो दिया। वरिष्ठ कवि दीनू कश्यप, साहित्यकार गंगा राम राजी, डा. विजय विशाल, मुरारी शर्मा, पुरातत्व चेतना संघ के अध्यक्ष बीरबल शर्मा, डा. कमल प्यासा, कवि साहित्यकार डा. राकेश कपूर, जगदीश कपूर, लोक साहित्यकार कृष्ण चंद्र महादेविया, रूपेश्वरी शर्मा, हरीपि्रया शर्मा, प्रकाश चंद्र धीमान, हिमा साहित्य परिषद के अध्यक्ष डा. पीसी कौंडल

भारतीय सांस्कृतिक निधि मंडी चैप्टर के संयोजक नरेश मल्होत्रा, सह संयोजक अनिल शर्मा, सदस्य कमलकांत शर्मा गजेंद्र बहल, कपिल चटर्जी, कैप्टन वॉय सी वैद्य, हरीश शर्मा आदि ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा