ओलंपिक दिवस : मंडी के पड्डल मैदान में विश्व ओलंपिक दिवस पर 200 धावकों ने भरी दौड़

 


मंडी, 23 जून (हि.स.)। हिमाचल ओलंपिक एसोसिएशन जिला मंडी के तत्वावधान में ऐतिहासिक पड्डल मैदान मंडी में विश्व ओलंपिक दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर खेल और शिक्षा जगत की तमाम दिग्गज विभूतियों ने शिरकत की। कार्यक्रम के शुभारंभ पर इवेंट ऑर्गेनाइजर सेक्रेटरी एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष भूपिंद्र सिंह ठाकुर इंटरनेशनल एथलेटिक कोच एवं प्रेसिडेंट, नेट बॉल एसोसिएशन, हिमाचल प्रदेश द्वारा मुख्य अतिथि टी. एल. वैद्य पूर्व निदेशक युवा सर्विसेज स्पोर्ट्स हिमाचल प्रदेश सहित विशिष्ट अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह का स्वागत किया गया। इसके साथ ही रेस से पूर्व मैदान में जुटे ऊर्जावान युवा विद्यार्थियों को जीवन में खेल भावना बनाए रखने का विशेष संदेश देकर प्रेरित किया गया।

मुख्य अतिथि टी. एल. वैद्य ने अपने संबोधन में देश व प्रदेश के खेल इतिहास को समृद्ध करने वाले दिवंगत रणधीर सिंह पूर्व जनरल सेक्रेटरी, इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन के अभूतपूर्व कार्यों को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने उपस्थित खिलाड़ियों को नशे से दूर रहने व राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि टी. एल. वैद्य द्वारा हरी झंडी दिखाकर इस ऐतिहासिक 2.5 किलोमीटर रेस का विधिवत प्रारंभ किया गया। इस प्रतियोगिता में मंडी के कुल 9 प्रमुख शिक्षण संस्थानों के खिलाड़ियों ने भाग लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा