मंडी में जनगणना के दूसरे चरण के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला शुरू

 


मंडी, 12 अगस्त (हि.स.)। जनगणना-2027 के दूसरे चरण के सफल एवं प्रभावी संचालन को लेकर जिला मंडी में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला उपायुक्त कार्यालय सभागार में शुरू हुई। अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशु खाती ने इस कार्यशाला का शुभारंभ किया। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि जनगणना का दूसरा चरण अति महत्वपूर्ण है। दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित जनसांख्यिकीय, सामाजिक एवं आर्थिक जानकारी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दर्ज की जाएगी। इसके माध्यम से जिले की वास्तविक जनसंख्या, परिवारों की संरचना, आयु एवं लिंग संबंधी विवरण, शिक्षा, रोजगार, प्रवास तथा अन्य सामाजिक-आर्थिक पहलुओं से संबंधित अद्यतन आंकड़े प्राप्त होंगे।

इस बार जनगणना प्रक्रिया में डिजिटल तकनीक का व्यापक उपयोग किया जा रहा है, जिससे आंकड़ों के संग्रहण, निगरानी एवं प्रबंधन में अधिक पारदर्शिता और दक्षता सुनिश्चित होगी। प्रशिक्षण के दौरान डीसीओ एवं नोडल ऑफिसर कम मास्टर ट्रेनर हिमांशु तथा आनंद सोनी ने जनगणना के दूसरे चरण से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।

उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना कार्य की प्रक्रिया, दायित्वों तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने के बारे में विस्तार से अवगत करवाया। उन्होंने जनगणना के दौरान सटीक एवं गुणवत्तापूर्ण आंकड़े एकत्र करने, निर्धारित प्रपत्रों में सही जानकारी दर्ज करने, कार्यों का समयबद्ध निष्पादन तथा जनगणना प्रक्रिया के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों पर विशेष रूप से प्रकाश डाला। प्रशिक्षणार्थियों की विभिन्न शंकाओं का समाधान करते हुए जनगणना कार्य से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को उदाहरणों के माध्यम से समझाया गया।

जिला मंडी के बर्फीले क्षेत्रों में जनसंख्या गणना का दूसरा चरण सितंबर माह में करवाया जाएगा। जिससे बर्फबारी एवं कठिन मौसमी परिस्थितियों के कारण जनगणना कार्य प्रभावित न हो। प्रगणक निर्धारित क्षेत्रों में घर-घर जाकर प्रत्येक परिवार एवं व्यक्ति की आवश्यक जानकारी दर्ज करेंगे। दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान जनगणना के विभिन्न चरणों, प्रक्रियाओं एवं कार्यप्रणाली से संबंधित विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, ताकि जिला स्तर पर जनगणना कार्य को सुचारू, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से संपन्न करवाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा