शिमला पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 24 घंटे में गुमशुदा महिला को खोजकर परिवार से मिलाया

 

शिमला, 01 मार्च (हि.स.)। जिला पुलिस शिमला के प्रथम महिला पुलिस थाना (बीसीएस) ने त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई करते हुए 47 वर्षीय गुमशुदा महिला को मात्र 24 घंटे के भीतर सकुशल ढूंढ निकाला। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद महिला को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार रविवार को शिकायतकर्ता कुमारी तनुजा, निवासी ठाकुर निवास बीसीएस शिमला ने महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी माता श्रीमती मानसी (47 वर्ष) 28 फरवरी 2026 की शाम करीब छह बजे बीसीएस डायमंड क्षेत्र से अचानक लापता हो गई थीं। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर उन्होंने पुलिस से मदद मांगी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रथम महिला थाना बीसीएस की टीम ने तुरंत जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आधुनिक तकनीक और स्थानीय सूचना तंत्र का प्रभावी इस्तेमाल करते हुए महिला की तलाश तेज की। त्वरित कार्रवाई के चलते पुलिस टीम ने महिला को 24 घंटे के भीतर ट्रैक कर लिया। पुलिस ने बताया कि महिला पूरी तरह स्वस्थ पाई गई हैं।

जिला पुलिस शिमला ने कहा है कि पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए हर समय तत्पर है। लोगों से अपील की गई है कि किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत डायल 112 या अपने नजदीकी पुलिस थाना में दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा