एसडीएम कार्यालय पांवटा साहिब के बाहर अनशन पर बैठीं दो महिलाएं, कंपनी प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप
नाहन, 31 जुलाई (हि.स.)। पांवटा साहिब के कुंजा स्थित अल्मेड लेबोरेटरीज प्राइवेट लिमिटेड से हटाई गईं दो महिला कर्मचारियों ने न्याय की मांग को लेकर शुक्रवार को एसडीएम कार्यालय, पांवटा साहिब के बाहर अनिश्चितकालीन अनशन शुरू कर दिया। मजदूर नेता प्रदीप चौहान के नेतृत्व में चल रहे इस अनशन के दौरान महिलाओं ने कंपनी प्रबंधन पर मानसिक प्रताड़ना (टॉर्चर) देने, बिना निष्पक्ष जांच के नौकरी से निकालने और वर्षों की सेवा के बावजूद अन्याय करने के गंभीर आरोप लगाए।
अनशन पर बैठीं ममता देवी जिन्होंने लगभग 15 वर्षों तक कंपनी में सेवाएं दीं और पार्वती देवी जिन्होंने करीब 5 वर्षों तक कार्य किया, ने कहा कि उन्हें बिना किसी निष्पक्ष जांच और उचित सुनवाई के नौकरी से हटा दिया गया। इससे उनके परिवार के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
मजदूर नेता प्रदीप चौहान ने कहा कि वर्षों तक ईमानदारी से काम करने वाली महिला कर्मचारियों के साथ इस प्रकार का व्यवहार पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। यदि किसी प्रकार का विवाद था, तो कंपनी प्रबंधन को दोनों पक्षों की बात सुनकर निष्पक्ष जांच करनी चाहिए थी। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जिसके कारण उन्हें न्याय के लिए अनशन का रास्ता अपनाना पड़ा।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोनों महिलाओं को जल्द न्याय दिलाया जाए और उन्हें पुनः रोजगार उपलब्ध कराया जाए। प्रदीप चौहान ने कहा कि जब तक महिलाओं को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर